logo

मोदी सरनेम मामला : राहुल गांधी को नहीं लगाने पड़ेंगे रांची के कोर्ट के चक्कर, हाई कोर्ट ने दी राहत

Rahul_Gandhi.jpg

द फॉलोअप डेस्क, रांची
झारखंड हाई कोर्ट ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी को बड़ी राहत दी है। मोदी सरनेम मामले में उन्हें रांची के एमपी-एमएलए कोर्ट के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। कोर्ट में उनकी तरफ से उनके वकील साहब ही उपस्थित होंगे।


दरअसल, मोदी सरनेम पर टिप्पणी मामले में रांची के एमपी-एमएलए कोर्ट के दिये आदेश को राहुल गांधी की ओर से झारखंड हाई कोर्ट में चुनौती दी गयी थी। हाई कोर्ट के जस्टिस एसके द्विवेदी के कोर्ट में आज इस मामले की सुनवाई पूरी हुई। कोर्ट ने राहुल गांधी की याचिका को स्वीकार कर लिया और फैसला सुनाया कि अब निचली अदालत में राहुल गांधी को सशरीर उपस्थित नहीं होना होगा। उनकी जगह उनके वकील कोर्ट में उपस्थित होंगे। 

निचली अदालत ने हाजिर होने को कहा था
मोदी सरनेम मामले को लेकर रांची की निचली अदालत ने राहुल गांधी को कोर्ट में सशरीर हाजिर होने का आदेश दिया था। राहुल गांधी की ने निचली अदालत के आदेश को झारखंड हाई कोर्ट में क्रिमिनल क्वैशिंग याचिका दायर कर चुनौती दी थी। मामले में हाई कोर्ट में चार जुलाई को सुनवाई हुई थी, जिसमें कोर्ट ने राहुल गांधी के खिलाफ पीड़क कार्रवाई पर रोक लगा दी थी।

यह है मामला
मोदी सरनेम पर टिप्पणी के खिलाफ प्रदीप मोदी नाम के व्यक्ति ने राहुल गांधी के खिलाफ रांची के एमपी-एमएलए कोर्ट में मानहानि का केस दर्ज किया है। उन्होंने आरोप लगाया है कि राहुल गांधी ने साल 2019 में लोकसभा चुनाव प्रचार के दौरान 30 अप्रैल को रांची के मोरहाबादी मैदान में चुनावी सभा कर नरेंद्र मोदी, नीरव मोदी और ललित मोदी का जिक्र करते हुए, मोदी सरनेम पर विवादित टिप्पणी की थी। मामले में निचली अदालत में राहुल गांधी को सशरीर हाजिर होने का आदेश दिया गया था, जिस पर अब हाई कोर्ट ने रोक लगा दी है।


बता दें कि राहुल गांधी के खिलाफ झारखंड में तीन मुकदमे चल रहे हैं। पहला मुकदमा नवीन झा ने अमित शाह पर की गयी आपत्तिजनक टिप्पणी के खिलाफ रांची की निचली अदालत में दायर किया है। दूसरा केस भी अमित शाह को लेकर ही है। यह केस भाजपा नेता प्रताप कुमार ने चाईबासा कोर्ट में दायर किया है। तीसरा मामला मोदी सरनेम पर टिप्पणी से जुड़ा हुआ है। इन सभी मामलों की सुनवाई रांची में हो रही है।


हमारे वाट्सअप ग्रुप से लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/FUOBMq3TVcGIFiAqwM4C9N