logo

आजादी का अमृत महोत्सव : सेना ने सियाचिन से पैंगोंग-त्सो झील तक फहराया तिरंगा

a290.jpg

डेस्क: 

पूरा देश आजादी की 75वीं वर्षगांठ धूमधाम से मना रहा है। 15 अगस्त को देश ने 76वां स्वतंत्रता दिवस मनाया। सेना के जवानों ने भी अनोखे तरीके से आजादी का महापर्व मनाया। ऐसे वक्त में जबकि देश आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा है, भारतीय-तिब्बत सीमा पुलिस के जवानों ने देश के तमाम ऊंचाई वाले स्थानों में राष्ट्रीय ध्वज फहराया और राष्ट्रगान गाया। 

 

सियाचिन ग्लेशियर में फहराया तिरंगा
76वें स्वतंत्रता दिवस पर सेना की एक टुकड़ी ने विश्व के कुछ सबसे ऊंचे ग्लेशियर में से एक सियाचिन ग्लेशियर में राष्ट्रीय ध्वज फहराया और राष्ट्रगान गाया। सेना के जवानों ने यहां बर्फीली हवाओं से सुरक्षित रखना वाला सफेद रंग का खास सूट पहन रखा था। गौरतलब है कि हाड़ कंपा देने वाली ठंड, हिमस्खलन और बर्फीली तूफानों के बीच भारतीय सेना के जवानों पूरे साल 24 घंटे सियाचिन में मुस्तैद रहते हैं ताकि किसी भी परिस्थिति में दुश्मन वहां पैठ ना बना सके। 

सिक्किम में 18 हजार फीट की ऊंचाई पर तिरंगा
भारत-तिब्बत सीमा पुलिस के जवानों ने सिक्किम में 18 हजार फीट की ऊंचाई पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया। आईटीबीपी के जवानों ने उत्तराखंड में भी 16 हजार फीट की ऊंचाई पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया। लद्दाख में 17 हजार फीट की ऊंचाई पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया। अरुणांचल प्रदेश के तवांग इलाके में भी राष्ट्रीय ध्वज फहराया और राष्ट्रगान गाया गया। लद्दाख के पैंगोंग त्सो झील के किनारे पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। 

आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा है भारत
गौरतलब है कि देश आजादी की 75वीं वर्षगांठ मना रहा है। केंद्र सरकार इसे आजादी के अमृत महोत्सव के रूप में मना रही है। इस मौके पर हर-घर तिरंगा अभियान भी चलाया गया जिसके तहत 13 से 15 अगस्त तक 20 करोड़ से ज्यादा घरों में राष्ट्रीय ध्वज फहराने का लक्ष्य तय किया गया था। इस मौके पर बाघा-अटारी बॉर्डर पर भारत और पाकिस्तान की सीमा पर मिठाइयों का आदान-प्रदान भी किया गया। पाकिस्तान 14 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस मनाता है।