द फॉलोअप टीम, डेस्क:
भारत में कोरोना के मामलों में उछाल देखी जा रही है। गौरतलब है कि कोरोना के मामले जहां रोजाना 10 हजार से नीचे जाते दिख रहे थे उनका ग्राफ बढ़ गया है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी ताजा आंकड़ों के मुताबिक बीते 24 घंटे में देश में 16 हजार 764 नए कोरोना मरीज मिले हैं। इस दौरान 7 हजार 585 मरीज ठीक हुये। 220 लोगों ने जान गंवाई।
91 हजार 361 एक्टिव कोरोना मरीज
भारत में एक्टिव कोरोना मरीजों की संख्या भी बढ़ गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि फिलहाल देश में 91 हजार 361 कोरोना मरीज हैं। हालांकि, राहत की बात ये है कि रिकवरी रेट फिलहाल 98.36 फीसदी है। इस बीच देश में ओमिक्रॉन वेरिएंट के मामलों में भी बढ़ोतरी देखी गई है। ताजा आंकड़ा बताता है कि देश में ओमिक्रॉन वेरिएंट से संक्रमित मरीजों की संख्या 1 हजार 270 तक पहुंच चुकी है। सर्वाधिक प्रभावित राज्य दिल्ली और महाराष्ट्र हैं।

हरियाणा में नाईट कर्फ्यू का ऐलान
कोरोना के बढ़ते मामलों के मद्देनजर अलग-अलग राज्य सरकारों ने एहतियातन पाबंदियां बढ़ानी शुरू कर दी है। हरियाणा सरकार ने नाईट कर्फ्यू का ऐलान किया है। मिली जानकारी के मुताबिक प्रदेश में रात 11 बजे से लेकर सुबह 5 बजे तक नाईट कर्फ्यू रहेगा। गुरुग्राम के एसीपी प्रीत पाल ने बताया कि जरूरी सेवाओं के अतिरिक्त लोगों को बाहर घूमने की इजाजत नहीं होगी। उन्होंने कहा कि हमने लोगों से अपील की है कि वे दिशा-निर्देशों का पालन करें।

पुदुचेरी में भी नाईट कर्फ्यू का ऐलान
इस बीच पुडुचेरी में भी नाईट कर्फ्यू का ऐलान किया गया है। केंद्र शासित प्रदेश पुदुचेरी में रात 11 बजे से लेकर सुबह 5 बजे तक नाईट कर्फ्यू रहेगा। 31 जनवरी 2022 तक नाईट कर्फ्यू जारी रहेगा। हालांकि बैकुंठ एकादशी के दिन इसमें छूट दी जायेगी।