logo

हटिया-बांडामुंडा रेलखंड में आपस में भिड़ी 2 मालगाड़ी, कई डब्बे पटरी से नीचे खेतों में पलट गये

हटिया-बांडामुंडा रेलखंड में आपस में भिड़ी 2 मालगाड़ी, कई डब्बे पटरी से नीचे खेतों में पलट गये

द फॉलोअप टीम, रांची: 

हटिया-बांडामुंडा रेलखंड के कुरकुरा रेलवे स्टेशन के निकट शनिवार की देर रात 2 मालगाड़ियां आपस में टकरा गईं। मिली जानकारी के मुताबिक कुरकुरा स्टेशन के लाइन नंबर-3 में रांची की ओर से मालगाड़ी प्रवेश कर रही थी, तभी राउरकेला से बानो होते हुए रांची की ओर जाने वाली मालगाड़ी सिग्नल तोड़कर लाइन में घुस गई। इस वजह से दोनों मालगाड़ी आपस में टकरा गई। 

बाधित हो गया कई ट्रेनों का परिचालन
हादसे की वजह से सुबह तक इस मार्ग से रेलगाड़ियों की परिचालन शुरू नहीं किया जा सका था। रेलवे ने घटना की जांच का आदेश दिया है। फिलहाल कुछ ट्रेनों को रद्द कर दिया गया तो वहीं कुछ के मार्ग में परिवर्तन किया गया है। बानों में सायरन बजने और दुर्घटना की सूचना मिलते ही रेल प्रशासन एवं रांची रेल मंडल के अधिकारी घटनास्थल की रवाना हो गये। पूरी रात घटनास्थल पर काम चला।

हादसा इतना भीषण था कि मालगाड़ियों के कई डब्बे पटरी से उतर गये। रेलवे के कर्मचारियों की ओर से दुर्घटनाग्रस्त डब्बों को पटरी से हटाने का काम जारी है। हादसे में 1 कर्मचारी भी घायल हुआ है। उसे हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया है। 

मालगाड़ी का इंजन फेल हो गया था
रेलवे द्वारा जारी आधिकारिक बयान के मुताबिक 1 मालगाड़ी के इंजन का ब्रेक फेल हो गया था। हादसे में मालगाड़ी का सह चालक घायल हो गया है। फिलहाल लाइन क्लियर नहीं होने की वजह से हटिया-राउरकेला पैसेंजर रद्द कर दिया गया। कई ट्रेनों को राउरकेला में ही रोक दिया गया है। रेल पदाधिकारी हादसे की जांच में जुटे हैं। अधिकारियों का कहना है कि ये बड़ी मानवीय भूल भी है।

यदि मालगाड़ी की जगह कोई यात्री ट्रेन होती तो अंदाजा भी नहीं लगाया जा सकता कि कितना बड़ा नुकसान हो सकता था।