logo

नौकरी दिलाने के नाम पर 7.55 लाख की ठगी, आरोपी हुआ गिरफ्तार

6505news.jpg
द फॉलोअप टीम, जमशेदपुर :
आज कल राज्य में ठग लोगों को लूटने के नए-नए टोटके अपना रहे हैंं। हालांकि पुलिस प्रशासन की मुस्तैदी की वजह से ऐसे ठगों की पकड़ ढीली पड़ रही है। कुछ ऐसी ही घटना जमशेदपुर में हुई। टाटा स्टील में नौकरी दिलाने के नाम पर 7.55 लाख रुपए ठगी करने के मुख्य आरोपी घाघीडीह स्थित गंगोत्री कॉलोनी निवासी विकास सिन्हा को बिस्टुपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। विकास सिन्हा पर बागबेड़ा के हरहरगुट्टू की एक महिला ने अपने दो बेटों को नौकरी लगाने के नाम पर ठगी का आरोप लगाया है। साल 2020 में ठगी की शिकार महिला ने बिस्टुपुर थाना में इस संबंध में FIR दर्ज कराई थी। इस मामले में पुलिस ने बिष्टुपुर के पार्वती घाट निवासी सूरज कुमार और कीताडीह निवासी नेहा कुमारी को पूर्व में ही गिरफ्तार कर लिया है।

दो बेटे की नौकरी लगावाने के चक्‍कर में ठगी गई मां

भुक्तभोगी महिला के मुताबिक नेहा कुमारी के जरिए उसकी मुलाकात सूरज कुमार से हुई थी। सूरज कुमार ने बताया था कि वह उसके दोनों बेटों को टाटा स्टील में नौकरी लगवा देगा। दोनों बेटों की नौकरी लगाने के लिए सूरज ने उससे कुल 7,55,700 लिए। रुपए देने के बाद भी बेटों की नौकरी नहीं लगी। बाद में सूरज और नेहा ने उसे रुपए देने से भी इंकार कर दिया। बता दें कि इस मसले पर बिस्टुपुर थाना प्रभारी विष्णु प्रसाद राउत ने बताया की ठगी के मुख्य आरोपी विकास सिन्हा को गिरफ्तार किया गया है। जांच में विकास का नाम भी सामने आया था। छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।