logo

नये उद्योगों को बुलाने से पहले पुराने उद्योगों की रक्षा करे हेमंत सरकार: बीजेपी

6593news.jpg
द फॉलोअप टीम, रांची: 
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने राज्य सरकार पर उद्योगों के साथ भेदभाव करने का आरोप लगाया। प्रतुल शाहदेव ने कहा कि एक तरफ तो मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन दिल्ली जाकर उद्योगपतियों को झारखंड में निवेश के लिये बुला रहे हैं वहीं दूसरी तरफ राज्य में पहले से लगे उद्योग जिन पर हजारों लोग आश्रित हैं, वो बंद किये जा रहे हैं। प्रतुल शाहदेव ने बताया कि रांची में ओरियेंट क्राफ्ट ने इरबा और खेलगावं में दो टेक्सटाइल यूनिट लगाई थी। ये दोनों यूनिट केवल 1 साल ही चल पाई। लॉकडाउन के दौरान उपेक्षा की वजह से अगस्त 2020 में बंद हो गयी। 

रांची में बंद हो गयी ओरियेंट क्राफ्ट की यूनिट
बीजेपी प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव के मुताबिक कंपनी ने आरोप लगाया है कि झारखंड की टेक्सटाइल पॉलिसी के तहत 1 साल से उसे सब्सिडी नहीं दी गयी। कंपनी ने कई बार सरकार से अपील भी की। इन दोनों यूनिट्स के बंद होने से तकरीबन 3500 परिवारों की रोजी-रोटी बंद हो गयी। उनकी आजीविका पर प्रश्न चिह्न लग गया। प्रतुल शाहदेव ने कहा कि एक तो कंपनी इन यूनिट्स को पुनर्जीवित करने के लिये कोई योजना नहीं ला रही है उल्टे कंपनी की जमीन वापस ली जा रही है। राज्य में मौजूद उद्योगों को संरक्षण नहीं दिया जा रहा और बाहर से उद्योगपति बुलाये जा रहे हैं। 

राज्य में मौजूद उद्योगों की रक्षा करे सरकार
प्रतुल शाहदेव ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकार में जिन कंपनियों ने राज्य में निवेश की इच्छा जताई थी। जिनका काम बढ़ रहा था उन्हें वर्तमान सरकार की तरफ से मदद नहीं मिल रही। प्रतुल शाहदेव ने कहा कि झारखंड में बंद पड़ चुके या बंद पड़ने की कगार पर खड़े उद्योगों को नया जीवन देने के लिये हेमंत सरकार के पास कोई योजना नहीं है। बीजेपी प्रदेश प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि केवल हवा-हवाई माहौल तैयार करने के लिये हेमंत सरकार निवेशकों को बुलाने का नाटक कर रही है।
प्रतुल शाहदेव ने कहा कि जब निवेश कर चुके उद्योगों के हितों की रक्षा नहीं होगी तो कोई नया निवेशक यहां क्यों निवेश करना चाहेगा। प्रतुल शाहदेव ने कहा कि राज्य सरकार को चाहिये कि पहले से निवेश कर चुके निवेशकों और छोटे तथा लघु आकार के उद्योगों की रक्षा के लिये कदम उठाये। उन्होंने कहा कि केवल निमंत्रण देने से नहीं होगा।