द फॉलोअप टीम, कोलकाता:
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने बताया कि चक्रवाती तूफान यास 24 मई की शाम को ओड़िशा और पश्चिम बंगाल के तटवर्ती जिलों से टकरा जाएगा। इस समय हवा की गति 155-166 किमी प्रति घंटा होगी। तूफान की वजह से दोनों राज्यों के तटवर्ती जिलों में तेज हवा के साथ मूसलाधार बारिश होगी। ओड़िशा और पश्चिम बंगाल सरकार ने अपने-अपने राज्यों में हाई अलर्ट जारी किया है। लोगों से अपील की गई है कि वे अपने घरों से ना निकलें। रेस्क्यू टीमों को भी तैनात किया गया है।
ओड़िशा में राहत और बचाव टीम की तैनाती
चक्रवात यास को लेकर ओड़िशा डिजास्टर रिस्पॉंस टीम की 60 टीमों को तैनाताा किया गया है। टीमों को राहत और बचाव कार्य में इस्तेमाल में आने वाले तमाम उपकरणों के साथ राज्य के अलग-अलग हिस्सों में तैनात किया गया है। पारादीप के एडिशनल एसपी ने कहा कि मछुआरों को समुद्र में ना जाने की सलाह दी गई है। उन्होंने कहा कि हम ये सुनिश्चित करने की कोशिश करेंगे की तूफान में कोई हताहत ना हो। मौसम विभाग का कहना है कि बंगाल की खाड़ी के पूर्वी मध्य क्षेत्र में बना निम्न दबाव का क्षेत्र चक्रवाती तूफान में तब्दील हो जाएगा और तटवर्ती इलाकों में तबाही मचाएगा।
पश्चिम बंगाल के इन जिलों में हाई अलर्ट जारी
मिली जानकारी के मुताबिक कोलकाता में 74 पंपिंग सेट की व्यवस्था की गई है ताकि जलजमाव वाली स्थिति में त्वरित पानी को निकाला जा सके। दोनों ही राज्यों में एनडीआरएफ की कई टीमों को तैनात किया गया है। ओड़िशा के 8 जिलों में तूफान को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। जानकारी के मुताबिक एनडीआरएफ की टीमों को कोलकाता, भुवनेश्वर और पोर्ट ब्लेयर सहित कई स्थानों पर तैनात किया गया है। पीएम मोदी ने गृहमंत्री के साथ आपात बैठक भी की है।
संभावित ठिकानों पर गोताखोरों की तैनाती
गोताखोरों की टीम संभावित खतरे वाले स्थानों पर तैनात की गई है। नौसेना का स्टैंडबाई पर रखा गया है। थलसेना के जवानों को राहत और बचाव कार्य के लिए तैयार रहने को कहा गया है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए वायु सेना के 26 हेलिकॉप्टर्स को तैयार रहने को कहा गया है। मौसम विभाग का अनुमान है कि जब चक्रवाती तूफान ओड़िशा और पश्चिम बंगाल के तटवर्ती इलाकों की तरफ बढ़ेगा तो इसकी रफ्तार 155 से 166 किमी प्रति घंटा होगी। तेज हवा के साथ मूसलाधार बारिश होगी। चक्रवाती तूफान यास का असर झारखंड में भी होनी की संभावना है।