logo

कैप्टन कूल महेंद्र सिंह धोनी को चाहिए टीचर की नौकरी, जानिए! पूरा माजरा क्या है...

10387news.jpg
द फॉलोअप टीम, रांची: 

टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी। तीन आईसीसी ट्रॉफी जीती हैं। टेरीटोरियल आर्मी में मानद लेफ्टिनेंट के पद पर कार्यरत हैं। रांची के सिमलिया में कई एकड़ में फैला फॉर्म हाउस है। इंडियन प्रीमियर लीग में चेन्नई सुपर किंग्स की कप्तानी भी करते हैं। इतना सब होने के बाद भी अब धोनी को टीचर की नौकरी चाहिए। हैरान करने वाली बात है ना। आपने मन में भी सवाल उठ रहा होगा कि आखिर धोनी को टीचर की नौकरी की क्या जरूत है। ये पूरा माजरा है क्या।



छत्तीसगढ़ के रायपुर का मामला
मामला छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर का है। यहां टीचर के पद के लिए महेंद्र सिंह धोनी ने आवेदन किया। पिता का नाम लिखा था सचिन तेंदुलकर। हैरानी की बात है कि अधिकारियों ने महेंद्र सिंह धोनी को इंटरव्यू के लिए शॉर्टलिस्ट भी कर लिया था। शुक्रवार को इंटरव्यू होना था, लेकिन महेंद्र सिंह धोनी वहां पहुंचे ही नहीं। फॉर्म पर दिए गए नंबर पर कॉल किया गया लेकिन वो नंबर बंद मिला। जब दिए गए पते पर खोजबीन की गई तो पता चला की पता भी फर्जी है। 



जब अधिकारियों को फॉर्म में हुई शंका
अब अधिकारियों के इस पर शंका हो गई। पता चला कि ये पूरा मामला ही फर्जी आवेदन का है। किसी ने बदमाशी की। किसी शख्स ने शरारत करते हुए महेंद्र सिंह धोनी के नाम से आवेदन कर दिया। पिता का नाम सचिन तेंदुलकर रख लिया। हैरानी की बात ये भी है कि अधिकारियों को आवेदन में कोई गड़बड़ी महसूस नहीं हुई। हालांकि किसी सेलिब्रिटी के नाम पर किसी नौकरी के लिए आवेदन का ये पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी कई बार ऐसा हो चुका है।



सन्नी लियोनी के नाम से भी हुआ आवेदन
बिहार के एक कॉलेज में सन्नी लियोनी के नाम से परीक्षा फॉर्म भरा जा चुका है। प्रियंका चोपड़ा सहित कई अभिनेत्रियो के नाम से अलग-अलग जगह कभी नौकरी तो कभी पढ़ाई के लिए फॉर्म भरा गया है। ये चीजें शरारतवश कोई करता है जिसकी सुर्खियां बन जाती हैं। इस बीच ये भी जानने वाली बात है कि एमएस धोनी फिलहाल कहां हैं। 



सीएसके की कप्तानी करेंगे महेंद्र सिंह धोनी
टीम इंडिया के पूर्व कप्तान और आईपीएल टीम चेन्नई सुपर किंग्स के मौजूदा कप्तान महेंद्र सिंह धोनी इन दिनों अपने परिवार और दोस्तों के साथ हिमाचल प्रदेश में छुट्टियां मना रहे हैं। इससे पहले इंडियन प्रीमियर लीग का 14वां सीजन स्थगित होने के बाद वो रांची में अपने फॉर्म हाउस में छुट्टियां मना रहे थे। 19 सितंबर से आईपीएल के 14वें सीजन के बाकी मुकाबले होंगे। संयुक्त अरब अमीरात में होने वाले उस टूर्नामेंट में धोनी फिर से पीली जर्सी में सीएसके की कप्तानी करते दिखेंगे।