logo

पूर्व विधायक गुरुचरण नायक पर हुए नक्सली हमले की भाजपा ने सख्त निंदा की

पूर्व विधायक गुरुचरण नायक पर हुए नक्सली हमले की भाजपा ने सख्त निंदा की

द फॉलोअप टीम, रांची:

मनोहरपुर के पूर्व विधायक और भाजपा नेता गुरुचरण नायक पर हुए नक्सली हमला की भाजपा ने सख्त निंदा की है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश, पूर्व सीएम व वरिष्ठ नेता बाबूलाल मरांडी और भाजपा की राष्ट्रीय मंत्री डॉ. आशा लकड़ा ने इस घटना को पूर्व विधायक की सुरक्षा व्यवस्था में चूक बताया है। 

कहा कि भाजपा नेताओं पर लगातार हमला होने के बाद भी हेमंत सोरेन की सरकार मौन है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के पास गृह विभाग की जिम्मेदारी भी है, उन्हें तत्काल इस मामले की जांच कराकर दोषी अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। साथ ही पूर्व विधायक गुरु चरण नायक को विशेष सुरक्षा की व्यवस्था प्रदान की जानी चाहिए।

आशा लकड़ा ने कहा, भगवान का शुक्र है, इस घटना में पूर्व विधायक बाल-बाल बचे। उन्होंने यह भी कहा की पूर्व विधायक गोयलकेरा के टुनिया गांव में आयोजित फुटबॉल प्रतियोगिता में बतौर अतिथि गए थे। नक्सल प्रभावित क्षेत्र होने के बावजूद उन्हें विशेष सुरक्षा प्रदान नहीं की गई। क्या राज्य सरकार की खुफिया एजेंसी पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। पूर्व विधायक पर नक्सलियों द्वारा हमला किया जाना इस बात का प्रमाण है कि राज्य में अपराधी व नक्सली हावी होते जा रहे हैं।