द फॉलोअप टीम, रोहतास:
बिहार में शराबबंदी लागू है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार व्यक्तिगत तौर पर इसे लेकर काफी गंभीर है। शराबबंदी को लेकर अब सीएम नीतीश कुमार ने समाज सुधार अभियान यात्रा की शुरुआत की है। वो अलग-अलग जिलों में जाकर लोगों को शराब से होने वाले नुकसान के प्रति जागरूक कर रहे हैं। इसी सिलसिले में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सोमवार को रोहतास जिले में पहुंचे थे।

शराब पीने वालों को काबिल नहीं मानता!
रोहतास जिले के सासाराम में जीविका दीदियों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि जिन भी लोगों को शराब की लत है। वे शराब पीना ही चाहते हैं। जो लोग शराब पीकर ही खुद को काबिल समझते हैं, मैं उनको काबिल नहीं मानता हूं। शराब पीने से कोई काबिल नहीं हो जाता। गौरतलब है कि सासाराम के न्यूज फजलगंज स्टेडियम में मुख्यमंत्री ने रोहतास, कैमूर, भोजपुर औऱ बक्सर से आये लोगों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि सत्ता संभालने के बाद से लगातार विकास का काम जारी है।

2005 से अब तक किया प्रदेश का विकास!
मुख्यमंत्री ने कहा कि 24 नवंबर 2005 को हमने पहली बार बिहार की सत्ता संभाली थी। तब से लेकर अब तक लगातार विकास का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि बिहार में पहले स्वास्थ्य और शिक्षा की हालत दयनीय थी। हमारी सरकार ने उसे बेहतर मुकाम तक पहुंचाया है। सीएम ने कहा कि हमारी सरकार ने समाज के निचले तबके के लिए काम किया। उन्होंने कहा कि, हालांकि मैं मानता हूं कि केवल विकास करना ही हमारा दायित्व नहीं है। यदि समाज सुधार नहीं हुआ तो विकास का काम अधूरा ही रह जायेगा।

मद्य निषेध विभाग में लाए गये केके पाठक
मुख्यमंत्री ने संबोधन में मद्य निषेध विभाग के अपर मुख्य सचिव केके पाठक का जिक्र किया। कहा कि जब शराबबंदी को लेकर अभियान शुरू किया था तब केके पाठक को जिम्मेदारी दी गई थी। अब एक बार फिर उनको मद्य निषेध विभाग में लाया गया है। शराबबंदी अभियान को उसी तर्ज पर बढ़ाने की जरूरत है। सीएम नीतीश ने कहा कि समाज में गड़बड़ी पैदा करने वाले लोग रहते हैं लेकिन उनकी परवाह नहीं करनी है।

जीविका दीदियों को सौंपी गई अहम जिम्मेदारी
मुख्यमंत्री ने रैली में शाहाबाद की विशेष तौर पर चर्चा करते हुए कहा कि यहां के 4 जिलों की सीमा यूपी से लगती है इसलिए शराबबंदी के लिहाज से ये जिले काफी महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने इन जिलों के अधिकारियों से कहा कि वे लोगों को शराबबंदी के प्रति जागरूक करें। जीविका दीदियों से मुख्यमंत्री ने कहा कि वे गड़बड़ी फैलाने वालों के खिलाफ अभियान चलायें। यदि अधिकारी सहयोग नहीं करते तो हम तक जानकारी पहुंचायें। मुख्यमंत्री ने कहा कि जो भी दोषी पाया जायेगा उनके खिलाफ गड़बडी होगी।