logo

उम्मीद की किरण बनकर सामने आए डॉक्‍टर्स, दिन-रात करते रहे कोविड मरीजों की सेवा: कांग्रेस

10347news.jpg
द फॉलोअप टीम, रांची: 
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सह वित्त तथा खाद्य आपूर्ति मंत्री डॉ. रामेश्वर उरांव ने कहा कि जब कोरोना संक्रमण में सबकुछ थम सा गया था। तब चिकित्सक उम्मीद की किरण बनकर सामने आए। दिन-रात कोविड मरीजों की सेवा करते रहे। उन्‍होंने डॉक्‍टर्स डे पर उक्‍त बातें कही हैं। उन्‍होंने देश और राज्‍य के डॉक्‍टरों को बधाई और  शुभकामनाएं भी दी हैं। इधर, राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के अवसर पर कांग्रेस की ओर से सदर अस्पताल में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कड़ी मेहनत, बहादुरी, बलिदान, सेवा के लिए डॉक्टरों को सम्मानित किया गया। खास तौर से सिविल सर्जन डाॅ. विनोद प्रसाद की उपस्थिति में चिकित्सकों को शॉल, पेन और बुके देकर आभार प्रकट किया गया। 

संकट काल में चिकित्सकों की भूमिका अतुलनीय: बन्ना गुप्ता 
राज्य के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने फोन के माध्यम से डॉक्टरों को बधाई दी है। कहा कि कोरोना के इस संकट काल में चिकित्सकों की भूमिका अतुलनीय है। कहते है कि चिकित्सक भगवान का रूप होते हैं, जिसे इस कोरोना काल में चिकित्सकों ने चरितार्थ किया है। बिना मौत के भय के, अपने परिवार से दूर होकर जिस तरह से डॉक्टरों ने सामाजिक दायित्वों का निर्वहन किया है, उस जज्बे को उनका सलाम है। आज सभी की मेहनत, कर्मठता और जिम्मेदारी से झारखंड ने न सिर्फ कोरोना से जंग लड़ी,बल्कि 98 पव्रतिशत से ज्यादा रिकवरी के साथ कोरोना से जंग लड़ी है।

निःस्वार्थ भाव से जनता की सेवा 
चिकित्सकों को संबोधित करते हुए केशव महतो कमलेश ने कहा कि जब कोरोना संक्रमित मरीजों को परिजन देखने से घबराते थे। ऐसे में डाॅक्टरों ने अपने जान की परवाह किए बगैर निःस्वार्थ भाव से जनता की सेवा की। यही वजह है कि आज झारखण्ड दूसरे लहर में भी सबसे अधिक सुरक्षित है। इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता आलोक कुमार दूबे ने कहा कि कोरोना महामारी में अपनी जान की बाजी लगाकर लोगों की सेवा करने वाले चिकित्सकों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने के लिए शब्द कम पड़ जाते हैं। 

डॉक्टर समाज के लिए वरदान 
प्रदेश प्रवक्ता आलोक कुमार दूबे, लाल किशोरनाथ शाहदेव और डॉ राजेश गुप्ता छोटू ने कहा कि कोरोना संकट में लोगों के लिए अपनी जान की परवाह किये बिना जिस तरह डॉक्‍टर अपना कर्तव्य निभा रहे हैं, वो समाज के लिए किसी वरदान से कम नहीं है। सिविल सर्जन डॉ विनोद कुमार ने वित्तमंत्री डॉ रामेश्वर उरांव, स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता समेत तमाम लोगों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि डॉक्टर अपनी पूरी क्षमता के साथ मानव सेवा के कार्य में जुटे है और इसमें आम लोगों के भी सहयोग की जरुरत है।