logo

जेनरेटर का तेल लेने गया युवक वापस नहीं लौटा, सुबह कुएं में मिली उसकी लाश

8324news.jpg
द फॉलोअप टीम, कोडरमा:
डोमचांच थाना क्षेत्र के बुच्चिटांड में कुएं से सोमवार की सुबह एक युवक का शव बरामद किया गया। युवक की पहचान 22 वर्षीय ओम कुमार साहु के रूप में की गई है। ओम किसी डीजे साउंड ग्रुप के साथ पूर्णाडीह जाने वाला था।  बारात निकलने से पहले वह जनरेटर के लिए डीजल लाने के गया था।

काफी खोजबीन के बाद भी नहीं मिला
तेल लाने गया युवक वापस नहीं लौटा। उसका फोन भी स्विच ऑफ हो गया। उसके गायब होने की सूचना परिजनों को दी गयी। परिजनों ने काफी खोजबीन की। रविवार को पुलिस को ओम कुमार के गायब होने की सूचना दी गयी। पुलिस ने जब युवक की खोजबीन शुरू की तो सोमवार की सुबह कुएं से शव मिला।

परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
शव के सिर पर तीन गहरे जख्म के निशान हैं। जिसे देखकर परिजनों का आरोप है कि युवक की हत्या कर शव को कुएं में फेंका गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस कड़ियों को जोड़कर पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हत्या क्यों की गयी होगी।