logo

कोविड को लेकर मैथन डैम छावनी में तब्दील, पिकनिक मनाने वालों को रोक रही पुलिस

कोविड को लेकर मैथन डैम छावनी में तब्दील, पिकनिक मनाने वालों को रोक रही पुलिस

द फॉलोअप टीम, धनबाद: 

धनबाद में कोरोना संक्रमण के खतरे के बीच जिला प्रशासन द्वारा धारा-144 लगाई गई है। इसी आलोक में शुक्रवार को मैथन पुलिस ने डीवीसी होमगार्ड के सहयोग से मैथन डैम और आसपास के इलाकों में लोगों का प्रवेश वर्जित कर दिया है। पिकनिक मनाने के लिए पहुंच रहे लोगों को मुख्य द्वार से ही वापस लौटा दिया गया। गौरतलब है कि पुलिस ने गाईडलाइन को लेकर सख्त रवैया अख्तियार किया है। किसी को भी डैम के पास नहीं जाने दिया जा रहा। 

किसी भी वाहन को प्रवेश से मनाही
गौरतलब है कि मेन गेट के पास से किसी भी दोपहिया या चार-पहिया वाहन को अंदर प्रवेश करने नहीं दिया जा रहा है। हालांकि, उस रास्ते से जाने वाले स्थानीय लोगों को उनका पहचान पत्र देखकर जाने दिया जा रहा है। गौरतलब है कि मेनगेट से लेकर काली-पहाड़ी चौक तक के पूरे इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया गया है। भारी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। दोपहर में वरीय पुलिस अधिकारियों ने भी इलाके का दौरा किया। 

एसएसपी ने लिया मैथन डैम का जायजा
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार ने मैथन डैम पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। एसएसपी ने निरसा एसडीपीओ पीतांबर सिंह खरबार और मैथन ओपी प्रभारी माइकल कोड़ा के साथ बोट घाट, स्पोर्ट्स हॉस्टल सहित अन्य पिकनिक स्पॉट का निरीक्षण किया। एसएसपी ने कहा कि लोगों को इस बात के लिए जागरूक किया जा रहा है कि वे भीड़-भाड़ से बचें। कोविड प्रोटोकॉल का अनिवार्य रूप से पालन करें। 

लोगों से भीड़ ना लगाने की अपील की गई
एसएसपी ने कहा कि लोगों से अपील की जा रही है कि वे सार्वजनिक रूप से ज्यादा भीड़ ना लगायें। कोरोना का मामला लगातार बढ़ता जा रहा है। वे खुद को और अपने परिजनों को महामारी की चपेट में आने से बचायें। एसएसपी ने कहा कि कोरोना का नया वेरिएंट तेजी से फैलता जा रहा है। उन्होंने कहा कि कोरोना का मामला लगातार बढ़ता जा रहा है।