द फॉलोअप टीम, डेस्कः
प्यार का एक खूबसूरत मामला हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले से आया है। यहां एक रिटायर डॉक्टर ने अपनी पत्नी की अंतिम इच्छा को पूरा करते हुए अपनी करोड़ों की संपत्ति सरकार के नाम कर दी। 72 वर्षीय डॉ. राजेंद्र कंवर स्वास्थ्य विभाग से रिटायर्ड हैं। उनकी पत्नी कृष्णा कंवर शिक्षा विभाग से रिटायर थीं। उनका एक साल पहले निधन हो गया। दोनों की कोई संतान नहीं है। इसलिए दोनों ने फैसला किया था कि वह अपनी सारी संपत्ति सरकार के नाम कर देंगे। पत्नी के निधन के बाद डॉ. राजेंद्र ने पत्नी की इच्छा को पूरा किया है।

5 करोड़ से ज्यादा की संपत्ति थी
डॉ. राजेंद्र ने कहा कि उन्होंने एक शर्त भी रखी है कि उनके घर को वृद्धाश्रम बना दिया जाए। वो कहते हैं कई लोगों को बूढ़ापे में दर-दर की ठोकरें खाने पड़ती हैं। इसलिए सरकार उनके घर को उन लोगों के रहने का ठिकाना बनाए। दावा किया जा रहा है कि 5 करोड़ से ज्यादा की संपत्ति डॉ. राजेंद्र ने सरकार के नाम कर दी है।

अब अकेले रहते हैं डॉ. राजेंद्र ने
घर के अलावा नेशनल हाईवे के किनारे की पांच कनाल जमीन और गाड़ी भी दान में शामिल है। बता दें, यह वसीयत उन्होंने 3 जुलाई 2021 को सरकार के नाम करवा दी, और अब अकेले ही जीवन-बसर कर रहे हैं। ऐसा पहली बार नहीं है जब पत्नी के प्यार में इस तरह का कदम उठाया गया हो। इससे पहले भी आपको याद होगा कि मध्य प्रदेश में एक शख्स ने अपनी पत्नी को ताजमहल जैसा घर गिफ्ट किया था। सोशल मीडिया पर उनके प्यार की खूब चर्चा भी हुई थी, और लोगों ने तारीफ भी की थी।