द फॉलोअप टीम, जामताड़ा:
झारखंड फुटबॉल एसोसिएशन ने जामताड़ा विधायक डॉ इरफ़ान अंसारी को जामताड़ा जिला का अध्यक्ष बनाया है। फ़ुटबॉल खिलाड़ी के लिए अब राज्य से लेकर राष्ट्रीय स्तर पर खेलने का सपना पूरा होगा। मौक़े पर विधायक ने कहा कि जामताड़ा में फ़ुटबॉल खिलाड़ियों की कमी नहीं है। ज़रूरत है उन्हें एक कोच और प्लेटफ़ॉर्म की जो मैं उनके लिए उपलब्ध कराऊंगा।
जामताड़ा का जिलाध्यक्ष बनाया गया
जामताड़ा विधायक और झारखंड फुटबॉल एसोसिएशन के जामताड़ा जिलाध्यक्ष डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि निश्चित तौर पर मैं विश्वास दिलाता हूं कि गांव के प्रतिभावान खिलाड़ियों को आगे लाऊंगा जो फुटबॉल में झारखंड का नाम रोशन करेगा। हमारा जामताड़ा फुटबॉल में अग्रणी जिला बनेगा। उन्होंने कहा कि खेल एक माध्यम है जिससे लोगों में आपसी प्रेम और भाईचारा बढ़ता है।

पंचायत में करवाएंगे फुटबॉल प्रतियोगिता
प्रत्येक गांव में पंचायतों में टूर्नामेंट कराकर अच्छे खिलाड़ियों को चयनित करूंगा और फुटबॉल की दिशा में जाने वालों को अव्वल लाने का काम करूंगा। फुटबॉल संघ के तमाम सदस्यों ने डॉक्टर अंसारी को बधाई दी और कहा कि आपके जैसा तेज तर्रार युवा विधायक को फुटबॉल एसोसिएशन जामताड़ा जिला के अध्यक्ष बनने पर आपको हार्दिक बधाई देता है। जिस तरह से लोग फुटबॉल को भूलते जा रहे हैं निश्चित तौर पर आपके अध्यक्ष बनने से सभी खिलाड़ियों में आशा और उम्मीद की किरण जगी है।
राष्ट्रीय टीम में भी होंगे जामताड़ा के खिलाड़ी
इस अवसर पर विधायक ने कहा कि हमारे जामताड़ा के फुटबॉल खिलाड़ियों को मैं राष्ट्रीय टीम में लाना चाहता हूं ताकि हमारे खिलाड़ी देश के लिए खेलें। प्रतिभावान खिलाड़ियों की कमी नहीं है। हर संभव खिलाड़ियों की मदद करूंगा।