logo

महाराष्ट्र: पूर्व गृहमंत्री अनिल देशमुख पर कसा ED का शिकंजा, 100 करोड़ की वसूली का लगा है आरोप

10157news.jpg
द फॉलोअप टीम, मुंबई: 

महाराष्ट्र के पूर्व गृहमंत्री अनिल देशमुख की मुश्किलें थमती नहीं दिख रहीं। 100 करोड़ रुपये की वसूली को लेकर ईडी का शिकंजा उन पर कसता जा रहा है। मिली जानकारी के मुताबिक प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मामले में पूर्व गृहमंत्री अनिल देशबुख के पीएम कुदंन शिंदे और पीएस संजीव पलांडे को गिरफ्तार कर लिया है। शनिवार को दोनों को ईडी कोर्ट में पेश करेगी। 

अनिल देशमुख के आवास पर ईडी की छापेमारी
आपको बता दें कि इससे पहले ईडी ने पूर्व मंत्री अनिल देशमुख के आवास पर तकरीबन सात घंटे तक छानबीन की थी। अनिल देशमुख के नागपुर स्थित आवास पर भी प्रवर्तन निदेशालय ने छापेमारी की थी। मुंबई वाले आवास में भी ईडी ने छापा मारा था। निजी सहायक संजीव पलांडे और कुंदन शिंदे के मुंबई स्थित आवासों पर भी ईडी ने तलाशी अभियान चलाया था। मामले में ईडी पूर्व गृहमंत्री अनिल देशमुख और उनके सहायक कुंदन शिंदे और संजीव पलांडे से अलग-अलग पूछताछ भी कर रही है। 

पूर्व पुलिस कमिश्नर ने लगाया था गंभीर आरोप
गौरतलब है कि अनिल देशमुख से जुड़ा ये विवाद नया नहीं है। दरअसल, मुंबई पुलिस के पूर्व कमिश्नर परमबीर सिंह ने पूर्व गृहमंत्री अनिल देशमुख पर रोजाना 100 करोड़ रुपये की वसूली का आरोप लगाया था। सीबीआई ने बॉम्बे हाईकोर्ट के आदेश पर उनके खिलाफ मामला दर्ज किया था। बाद में ईडी ने भी मामला दर्ज किया। सीबीआई द्वारा दर्ज प्राथमिकी के बाद ईडी ने अनिल देशमुख, संजीव पलांडे और कुंदन शिंदे के खिलाफ मनी लॉंड्रिंग एक्ट के तहत आपराधिक मामला दर्ज किया था। 

अनिल देशमुख ने खुद को बताया निर्दोष
इधर इस पूरे मामले में महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री अनिल देशमुख ने खुद के खिलाफ लगे आरोपों को बेबुनियाद बताया है। उनका कहना है कि बदले की नीयत से उनको तंग किया जा रहा है। उन्होंने पूर्व पुलिस कमिश्नर परमबीर सिंह पर भी निशाना साधते हुए कहा कि उन्होंने ये आरोप पुलिस कमिश्नर रहते हुए क्यों नहीं लगाए। जब उनको उनकी गतिविधियों की वजह से हटा दिया गया तब उन्होंने ये झूठे आरोप लगाये। अनिल देशमुख का कहना है कि सच्चाई जल्द ही सामने आएगी। वहीं मुख्य विपक्षी पार्टी बीजेपी ने अनिल देशमुख सहित संजीव पलांडे और कुंदन शिंदे की गिरफ्तारी की मांग की है। इस पूरे मामले में महाराष्ट्र की सियासत गर्म है।