logo

कृषि बिलों के खिलाफ सड़कों पर उतरे 5 राज्यों के किसान, बिल के विरोध में किसानों के साथ विपक्ष भी प्रदर्शन में शामिल

1464news.jpg
द फॉलोअप टीम, नई दिल्ली 
केंद्र सरकार की ओर से लाए गए तीन कृषि बिलों को लेकर देश के कई राजनीतिक दल और किसान संगठन विरोध कर रहे हैं। भारतीय किसान यूनियन की अगुवाई में कई संगठनों ने भारत बंद बुलाया है। इसमें दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, यूपी और राजस्थान के किसान हिस्सा ले रहे हैं। इस बीच पंजाब में किसान 24 अक्टूबर से 26 अक्टूबर तक रेल रोको आंदोलन भी चलाएंगे। भारत बंद को कांग्रेस समेत कई राजनीतिक दलों ने समर्थन भी दिया है।

एसएडी ने की सड़क बंद करने की घोषणा 
भारतीय किसान यूनियन (एकता उगराहां) महासचिव सुखबीर सिंह ने हड़ताल के समर्थन में वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों, दुकानदारों से अपनी दुकानों बंद रखने की अपील की है। पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने भी लोगों से किसानों का समर्थन करने और हड़ताल को सफल बनाने का अनुरोध किया है। मुख्य विपक्षी आम आदमी पार्टी पहले ही अपना समर्थन दे चुकी है, जबकि शिरोमणि अकाली दल ने सड़क बंद करने की घोषणा की है।

एक अक्टूबर से रेल रोको प्रदर्शन
बता दें कि विधेयकों के खिलाफ किसानों ने पंजाब में कई स्थानों पर गुरुवार को तीन दिवसीय रेल रोको प्रदर्शन शुरू किया और पटरियों पर धरना दिया। किसान संगठनों ने एक अक्टूबर से अनिश्चितकालीन रेल रोको प्रदर्शन भी शुरू करने का फैसला किया है।

तीनों विधेयक वापस लिए जाने तक लड़ाई जारी रहेगी
प्रदर्शनकारियों ने आशंका व्यक्त की है कि केंद्र के कृषि सुधारों से न्यूनतम समर्थन मूल्य की व्यवस्था खत्म हो जाएगी। कृषि क्षेत्र बड़े पूंजीपतियों के हाथों में चला जाएगा। किसानों ने कहा है कि तीनों विधेयक वापस लिए जाने तक वे अपनी लड़ाई जारी रखेंगे। जंतर मंतर पर दोपहर 12 बजे किसान बिलों के खिलाफ कांग्रेस का लगातार प्रदर्शन भी होगा। यूथ कांग्रेस ने गुरुवार शाम को दिल्ली में मशाल जुलूस निकाल कर विरोध प्रदर्शन किया। पंजाब के अमृतसर में किसान मजदूर संघर्ष समिति का रेल रोको अभियान जारी है। किसान पूरी रात रेलवे ट्रैक पर ही डटे रहे और कृषि बिल का विरोध करते रहे। 

26 ट्रेनों की आवाजाही 26 सितंबर तक रद्द 
किसानों का कहना है कि हम 26 सितंबर तक रेल रोको अभियान चलाएंगे, उसके बाद भी अगर सरकार बिल वापस नहीं लेती है तो हम आगे की रणनीति बनाएंगे। रेलवे ने आंदोलन के मद्देनजर 26 ट्रेनों की आवाजाही 26 सितंबर तक रद्द कर दी है। 

पंजाब के सीएम किसानों के साथ
पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने प्रदर्शन के दौरान किसानों से कानून-व्यवस्था की स्थिति बनाए रखने और कोरोना वायरस से जुड़े सभी नियमों का पालन करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार विधेयकों के खिलाफ लड़ाई में पूरी तरह किसानों के साथ है और धारा 144 के उल्लंघन के लिए प्राथमिकी दर्ज नहीं की जाएगी।

बिहार में पप्पू यादव समर्थक सड़क पर उतरे
कृषि बिल के विरोध में बुलाए गए भारत बंद का सबसे खास असर हाजीपुर में देखने को मिला. गांधी सेतु के पास एनएच 19 पर जाम लगाया गया है। सुबह से ही पप्पू यादव की पार्टी जन अधिकार पार्टी के समर्थक सड़क पर डटे हैं। बंद समर्थकों ने एनएच 19 को बंद करा दिया है। सड़कों पर टायर जला कर नारेबाजी की जा रही है। वेस्ट यूपी में किसान संगठनों ने शुक्रवार को यातायात के सभी रास्ते बंद करने की चेतावनी दी है। साथ ही दिल्ली को सब्जी-दूध आपूर्ति रोकने का भी दावा किया है। 

राकेश टिकैत ने कहा-किसान नहीं झुकेगा 
भारतीय किसान यूनियन के मुताबिक, ऐम्बुलेंस और आवश्यक वस्तुओं को रोका नहीं जाएगा। यूनियन नेता राकेश टिकैत ने कहा, 'हम चक्का जाम करेंगे। किसान झुकेगा नहीं। पूरा वेस्ट यूपी जाम रहेगा।