द फॉलोअप टीम, डेस्क:
ये नजारा दुबई क्रिकेट स्टेडियम का है। पीली जर्सी में सीएसके और टीम इंडिया के तेज गेंदबाज दीपक चाहर हैं। सामने ब्लैक ड्रेस में खड़ी हैं जया भारद्वाज। मौका चेन्नई सुपर किंग्स और पंजाब किंग्स के बीच खेले गये आखिरी लीग मैच के बाद का है।
दीपक चाहर ने नी डाउन होकर किया प्रपोज
दीपक चाहर ने मैच के बाद स्टैंड में बैठी अपनी गर्लफ्रेंड जया भारद्वाज को नी डाउन होकर प्रपोज किया। बकायदा अंगूठी के साथ। जया भारद्वाज पहले तो अवाक रह गयीं लेकिन झट से हां भी कह दिया। दोनों ने एक दूसरे को गले लगाया और फिर अंगूठियों की अदला बदली भी की। इस दौरान वहां महेंद्र सिंह धोनी की पत्नी साक्षी और उनकी बेटी जीवा भी थीं।

सीएसके ने ड्रेसिंग रूम में खूब जश्न मनाया
गौरतलब है कि चेन्नई सुपर किंग्स ने ड्रेसिंग रूम में सभी खिलाड़ियों और परिवार के सदस्यों की मौजूदगी में दीपक और जया की इस खूबसूरत शुरुआत का जश्न भी मनाया। केक कटिंग भी की गई। साथी खिलाड़ियों ने दीपक चाहर को जिंदगी की इस नई पारी की शुभकामना दी औऱ जमकर मस्ती की। कहा जाता है कि धोनी की पत्नी साक्षी ने ये पूरा प्लान बनाया था।

दीपक चाहर का मैच में प्रदर्शन औसत रहा
मैच में दीपक चाहर का प्रदर्शन भले ही अच्छा ना रहा हो लेकिन उन्होंने इस कदम से गर्लफ्रेंड जया और क्रिकेट प्रेमियों का दिल जीत लिया। पहले तो किसी को समझ में नहीं आया कि ये लड़की है कौन। बाद में दीपक चाहर को बधाई देते हुए उनकी बहन मालती चाहर ने खुलासा किया कि दीपक चाहर को अपनी मोहब्बत में क्लीन बोल्ड करने वाली इस लड़की का नाम जया भारद्वाज है। बहन मालती चाहर और भाई राहुल चाहर ने दोनों को इंस्टाग्राम पर बधाई भी दी। गौरतलब है कि जया बिग बॉस सीजन 5 के प्रतियोगी रहे सिद्धार्थ भारद्वाज की बहन हैं।
टीम इंडिया के नियमित खिलाड़ी हैं दीपक
कहा जा रहा है कि दीपक बहुत जल्दी जया के साथ शादी के बंधन में बंधने वाले हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक बीते काफी समय से दोनों साथ हैं। जया दिल्ली में एक कॉर्पोरेट कंपनी में काम करती हैं, ये जानकारी दीपक की बहन मालती ने सोशल मीडिया पर दी। गौरतलब है कि दीपक चाहर आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स की तरफ से खेलते हैं। टी 20 वर्ल्ड कप में दीपक को स्टैंडबाई खिलाड़ी के तौर पर शामिल किया गया है। उन्होंने आईपीएल के इस सीजन में कुल 13 विकेट हासिल किये हैं।
