logo

रांची जिला स्कूल में हुआ बच्चों का टीकाकरण, पहले डोज को लेकर जानिए कैसी थी प्रतिक्रिया! 

रांची जिला स्कूल में हुआ बच्चों का टीकाकरण, पहले डोज को लेकर जानिए कैसी थी प्रतिक्रिया! 

सूरज ठाकुर, रांची: 

भारत में बच्चों के लिए वैक्सीनेशन की शुरुआत हो गई है। देश के सभी राज्यों तथा केंद्र शासित प्रदेशों में 15 से 18 वर्ष की आयुवर्ग के बच्चों का टीकाकरण किया जा रहा है। इस कड़ी में झारखंड की राजधानी रांची में भी बच्चों के लिए वैक्सीनेशन ड्राइव की शुरुआत की गई। रांची जिला स्कूल और मारवाड़ी स्कूल में बच्चों का टीकाकरण करने के लिए स्पेशल कलस्टर बनाया गया। गौरतलब है कि सोमवार को पहले दिन सुबह 8 बजे से ही बच्चों को टीका लगाना शुरू कर दिया गया था। 

रांची जिला स्कूल में किया था विशेष इंतजाम
रांची जिला स्कूल में बच्चों के वैक्सीनेशन के लिए विशेष इंतजाम किया गया था। सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करवाते हुये बच्चों को टीका लगाया जा रहा था। गौरतलब है कि पहले की तरह ही इस बार भी वैक्सीनेशन के लिए रजिस्ट्रेशन जरूरी है। रजिस्ट्रेशन, ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों ही तरीकों से किया जा रहा था। रांची जिला स्कूल में देखा गया कि जो बच्चे खुद रजिस्ट्रेशन नहीं कर पा रहे थे, स्वास्थ्यकर्मी सेंटर में ही उनका रजिस्ट्रेशन कर रहे थे। ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों ही तरीकों से रजिस्ट्रेशन किया जा रहा था। इस दौरान बच्चों में टीकाकरण को लेकर उत्साह दिखा। कुछ बच्चे नर्वस भी दिखे।

 

रांची जिला स्कूल में उत्साह के साथ पहुंचे बच्चे
वैक्सीन लगवाने रांची जिला स्कूल स्थित वैक्सीनेशन सेंटर पहुंची रिया ने बताया कि उनके मन में किसी तरह का डर या शंका नहीं है। रिया ने बताया कि उन्होंने और उनके बाकी साथियों ने पूरे उत्साह से वैक्सीन लगवाया। उन्होंने बताया कि लोगों ने वैक्सीनेशन को लेकर भ्रांतियां फैला दी थीं, लेकिन ऐसा कुछ नहीं है। उन्होंने कहा कि सब लोगों को अपना वैक्सीनेशन करवाना चाहिए। वैक्सीन लगवाने पहुंची एक छात्रा सरजमीं ने बताया कि वैक्सीनेशन को लेकर उनके मन में मिश्रित अनुभव है। कहा कि मैं थोड़ी नर्वस हूं लेकिन उत्साहित भी।
सरजमीं ने बताया कि उनके माता-पिता ने कहा कि जल्दी से जाकर वैक्सीन लगवा लो। अच्छी डाइट लोग और खुद को सुरक्षित रखो। सरजमीं कहती हैं कि जब सरकार इतना इनिशिएटिव ले रही है। मुफ्त में टीका लगा रही है। ये हमारे स्वास्थ्य के लिए किया जा रहा है तो हमें भी आगे आकर टीका लगवाना चाहिए। 

वैक्सीनेशन को लेकर छात्रों में दिखा विशेष उत्साह
छात्र अजीत कुमार महतो ने वैक्सीन लगवाने के बाद कहा कि पहले थोड़ी सी शंका थी लेकिन टीका लगवाने के बाद मन से डर निकल गया। अजीत ने बताया कि मेरे परिवार के सभी व्यस्क सदस्यों ने टीका लगवा लिया है। जैसे ही ऐलान हुआ कि बच्चों को भी टीकाकरण होना है तो मेरे माता-पिता ने मुझसे फौरन जाकर टीका लगवाने को कहा। उन्होंने बताया कि टीचर्स ने व्हाट्सएप ग्रुप पर वैक्सीनेशन कैंप की जानकारी दी। किश्लय सिंह पुरी ने कहा कि कोई डर या शंका नहीं है। हेल्थ के लिए जरूरी है। 

बिना किसी भ्रम या भ्रांति के अपना टीकाकरण करायें
रांची जिला स्कूल में टीका लगवाने पहुंची अंशिका ने बताया कि मैं टीकाकरण को लेकर बहुत उत्साहित हूं। परिवार के सभी व्यस्क सदस्यों ने टीका लगवा लिया है। हम भी इंतजार कर रहे थे कि हमारा टीकाकरण कब शुरू होगा। अब जब बच्चों का टीकाकरण शुरू हो गया है तो मैं उत्साहित हूं। अंशिका ने बताया कि जिस प्रकार कोरोना के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। सुरक्षा के लिहाज से टीकाकरण बेहद जरूरी है। अंशिका ने ये भी कहा कि लोगों को तथा मेरी उम्र के बाकी बच्चों को बिना किसी अफवाह पर विश्वास किये कोविड का टीका लगवाना चाहिए। ऐसा करके वे खुद को और आसपास के लोगों को सुरक्षित कर सकते हैं। 

बच्चों को लगाया जा रहा है केवल कोवैक्सीन का ही टीका
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री मोदी ने 25 दिसंबर को राष्ट्र के नाम संबोधन में ऐलान किया था कि 15 से 18 वर्ष की आयु वर्ग के बच्चों का टीकाकरण 3 जनवरी से शुरू किया जायेगा। 2 जनवरी को राज्यों के साथ मीटिंग में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने निर्देश दिया था कि बच्चों के टीकाकरण को लेकर सभी जरूरी तैयारियां पूरी कर ली जायें। बता दें कि बच्चों को फिलहाल केवल कोवैक्सीन का टीका लगाया जा रहा है। कोवैक्सीन का निर्माण भारत बायोटेक नाम की फार्मास्युटिकल कंपनी ने किया है।