द फॉलोअप टीम, डेस्क:
3 जनवरी से 15 से 18 वर्ष के बीच की आयु के बच्चे कोविड का टीका लगवा सकते हैं। बीते दिनों देश के नाम संबोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसका ऐलान किया था। अब जबकि टीकाकरण की घोषणा हो चुकी है तो अभिभावकों या बच्चों के मन में ये सवाल जरूर होगा कि उनको किस प्रक्रिया के तहत टीका लगाया जायेगा। क्या रजिस्ट्रेशन करवाना भी जरूरी होगा। यदि रजिस्ट्रेशन अनिवार्य है तो इसकी प्रक्रिया कब से शुरू होगा। इस खबर में आपको सारे सवालों का जवाब मिलेगा।
कोविन एप में करना होगा रजिस्ट्रेशन
गौरतलब है कि टीकाकऱण अभियान की शुरुआत में ही केंद्र सरकार ने कोविन एप नाम का प्लेटफॉर्म बनाया था जहां लोग वैक्सीनेशन के लिए स्लॉट की बुकिंग करते हैं। अब कोविन प्लेटफॉर्म के चीफ डॉ. आरएस शर्मा ने बताया है कि 15 से 18 साल की आयु वर्ग के बीच आने वाले बच्चे 1 जनवरी से कोविन एप पर पंजीकरण करा सकते हैं। उन्होंने इसकी प्रक्रिया भी समझाई है।

कोविन एप में पूछा जायेगा ये जरूरी सवाल
कोविन प्लेटफॉर्म के चीफ डॉ. आरएस शर्मा ने बताया कि जब आप पंजीकरण करने के लिए एप में जाएंगे तो आपको पूछा जायेगा कि आपको सह रुग्णता है या नहीं। गौरतलब है कि सह रुग्णता का आशय है कि क्या आप पहले से किसी बीमारी जैसे कि डायबिटीज, किडनी या हृदय रोग से ग्रसित हैं या नहीं। यदि आप पंजीकरण करते समय हां में जवाब देते हैं तो आपको पंजीकृत चिकित्सक से इसका सर्टिफिकेट लाना होगा। टीकाकऱण केंद्र में इसे दिखाना होगा तभी वैक्सीन दी जायेगी।

कोविन प्लेटफॉर्म चीफ ने बूस्टर डोज पर दी जानकारी
कोविन प्लेटफॉर्म चीफ ने बूस्टर डोज पर भी जानकारी दी है। कहा कि बूस्टर डोज के लिए रजिस्ट्रेसन की प्रक्रिया भी पहले जैसी ही होगी। कहा कि यदि कोई नागरिक 60 वर्ष से अधिक आयु का है और कोविड टीका की दोनों खुराक ले चुका है, तो दूसरा टीका लेने और पंजीकरण के दिन के बीच 9 महीने का गैप होना चाहिए, तभी वो बूस्टर डोज लगवाने का पात्र होगा।

फ्रंटलाइन वर्कर्स को दी जायेगी वैक्सीन की बूस्टर डोज
गौरतलब है कि पीएम मोदी ने बूस्टर डोज लगवाने का भी ऐलान किया है। कहा कि फ्रंटलाईन वर्कर्स और अधिक आयु वाले नागरिकों तथा गंभीर बीमारी से पीड़ित नागरिकों को जिनकी प्रतिरोधक क्षमता कम होती है, बूस्टर डोज दिया जायेगा।