द फॉलोअप टीम, रांची:
तमाम दावे के बावजूद झारखंड में नक्सली घटनाएं थम नहीं रही है। ताजा खबर पश्चिमी सिंहभूम के गोईलकेरा के झिलुरवा से आ रही है। नक्सलियों ने हिंसक हमला किया है। जिसमें भाजपा नेता व पूर्व विधायक गुरुचरण नायक बाल-बाल बचे हैं। जबकि उनके दो बॉडीगार्ड के मारे जाने की सूचना है।नायक ने भागकर अपनी जान बचाई है। बताया जा रहा है कि एक फुटबाल मैच में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करने गुरुचरण पहुंचे थे।

इससे पहले भी गुरुचरण पर हो चुका है हमला
नक्सलियों ने इससे पहले भी गुरुचरण नायक पर हमला किया है। तब वह विधायक थे। आनंदपुर प्रखंड में एक स्कूल भवन का उद्घाटन व सड़क का शिलान्यास करने हरता गांव गए थे। तब पुलिस और नक्सलियों की करीब डेढ़ घंटे तक फायरिंग हुई थी। हालांकि घटना में कोई हताहत नहीं हुआ था।दूसरी घटना खटांगबेड़ा गांव की है। हरता से पांच किमी तक पैदल चलते हुए विधायक व उनके अंगरक्षक मनोहरपुर-रोबोकेरा मुख्य सड़क पर स्थित खटांगबेड़ा गांव पहुंचे थे। जैसे ही नारियल फोड़कर शिलान्यास की प्रक्रिया शुरू करनी चाही, नक्सलियों की ओर से फिर से ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू हो गई। पुलिस व उनके अंगरक्षकों ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए जवाबी फायरिंग शुरू कर दी थी। हालांकि तब कोई हताहत नहीं हुआ था।