logo

स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने की डॉ. हर्षवर्धन से बात, दवा और इंजेक्शन की कमी की ओर दिलाया ध्यान

7338news.jpg
द फॉलोअप टीम, रांची: 

कोरोना वैक्सीन की कमी से झारखंड भी जूझ रहा है। वैक्सीन की कमी की वजह से टीकाकरण अभियान में रुकावटें आ रही है। इस बीच राज्य के स्वास्थ्य और आपदा प्रबंधन मंत्री बन्ना गुप्ता ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन से बात की। बन्ना गुप्ता ने स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन से आग्रह किया कि झारखंड को कोरोना वैक्सीन की आपूर्ति की जाये। 

बन्ना गुप्ता ने डॉ. हर्षवर्धन से फोन पर की बात
स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन से फोन पर बातचीत की। वार्ता के दौरान बन्ना गुप्ता ने डॉ. हर्षवर्धन को राज्य में कोरोना वैक्सीन की कमी की समस्या से अवगत करवाया। बन्ना गुप्ता ने ना केवल कोरोना वैक्सीन बल्कि कोरोना के इलाज में काम आने वाली दवाओं की आपूर्ति करने का भी आग्रह किया। 

दवा और इंजेक्शन की कमी पर ध्यान दिलाया
स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने राज्य में चल रहे टीकाकरण अभियान और इसमें आ रही मुश्किलों से भी केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री को अवगत करवाया। बन्ना गुप्ता ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री को बताया कि राज्य में टोसिलिजुमाब और रेमडेसिविर सहित कोरोना के इलाज में काम आने वाली कई दवाओं और इंजेक्शन की भारी कमी है। इसकी वजह से मरीजों के इलाज में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बताया जा रहा है कि डॉ. हर्षवर्धन ने इसके समाधान का आश्वासन दिया। 

राज्य में फिलहाल इतनी ही बची है वैक्सीन
झारखंड में फिलहाल लोगों को कोरोना की दो वैक्सीन दी जा रही है। कुछ लोगों को भारत बायोटेक की कोवैक्सीन दी गयी है तो वहीं कुछ लोगों को सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया की वैक्सीन कोविशील्ड दी जी रही है। जानकारी के मुताबिक राज्य में कोविशील्ड की 9 लाख 12 हजार 890 वैक्सीन उपलब्ध है वहीं कोवैक्सीन का 1 लाख 94 हजार 570 डोज ही उपलब्ध है।