द फॉलोअप टीम, दिल्ली:
भारत ने टीकाकरण अभियान के 1 वर्ष पूरे कर लिये। इस मौके पर आयोजित एक खास कार्यक्रम में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने कहा कि आज का दिन हमारे लिए बहुत बड़ा है। हमने वैक्सीनेशन ड्राइव का 1 वर्ष पूरा कर लिया है। मनसुख मंडाविया ने कहा कि पूरी दुनिया हमारे वैक्सीनेशन अभियान से चकित है।
93 फीसदी लोगों को लग चुका है पहला टीका
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने कहा कि अब तक 18 वर्ष से अधिक आयु के 93 फीसदी लोगों को टीके की पहली खुराक दी जा चुकी है। 70 फीसदी आबादी का पूर्ण टीकाकरण हो चुका है। जल्द ही सभी नागरिकों का पूर्ण टीकाकरण हो जायेगा। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने कहा कि टीकाकरण की रफ्तार अच्छी है।
टीका आने से पहले कई लोगों ने भ्रम फैलाया
स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने कहा कि टीका आने से पहले ही कुछ लोगों ने भ्रम फैलाना शुरू कर दिया था। हालांकि, प्रधानमंत्री मोदी समर्पित थे। उन्होंने हमारे वैज्ञानिकों और कंपनियों को काम और टीकाकरण अभियान जारी रखने के लिए प्रोत्साहित करना जारी रखा।