द फॉलोअप टीम, चतरा:
बिना मास्क और पूर्ण टीकाकरण के बैंक में एंट्री नहीं मिलेगी। बैंक में तभी एंट्री मिलेगी जब आप इन दोनों शर्तों को पूरा करते हों। वैक्सीन लगवा लिया है, ये कहना ही काफी नहीं होगा बल्कि आपको बैंक में वैक्सीनेशन का सर्टिफिकेट भी ले जाना होगा। ऐसा इसलिए किया जा रहा है क्योंकि कोरोना की तीसरी लहर काफी रफ्तार से लोगों को अपनी चपेट में ले रही है, ऐसे में बैंक-कर्मियों की सुरक्षा काफी अहम है।
नक्सल प्रभावित कुंडा प्रखंड का दौरा
गौरतलब है कि चतरा जिला में एसडीओ मुमताज अंसारी और सिमरिया एसडीपीओ अशोक प्रियदर्शी ने नक्सल प्रभावित कुंदा प्रखंड का दौरा किया। यहां दोनों पदाधिकारियों ने लोगों को मास्क पहनने की सलाह दी। लोगों से कहा कि वे अनिवार्य रूप से सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें। पदाधिकारियों ने लोगों से कहा कि वे कोरोना का टीका लगवाएं ताकि जान और माल की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

दुकानदारों को दिया गया निर्देश
मौके पर पदाधिकारियों ने दुकानदारों को निर्देश दिया कि वे कोविड प्रोटोकॉल का पालन करें। अधिकारियों ने बैंक शाखाओं का भी निरीक्षण किया। यहां सरकारी आदेश का पालन नहीं होता देख अधिकारी नाराज हुये। शाखा प्रबंधकों की क्लास लगाई गई। बिना मास्क सड़क पर तफरी करने निकले लोगों को सजा के तौर पर उठक-बैठक करवाई गई। उनका चालान भी काटा गया।
शाखा प्रबंधकों को दी गई है हिदायत
शाखा प्रबंधकों को हिदायत दी कि किसी भी ग्राहक को बिना मास्क के एंट्री ना दी जाये। यही नहीं, जो लोग पूर्ण टीकाकरण का सर्टिफिकेट लाएं केवल उनको ही बैंक में प्रवेश करने दिया जाये। गौरतलब है कि झारखंड में कोरोना के मामले काफी तेजी से बढ़े हैं। अब तक राज्य में 17 हजार से ज्यादा एक्टिव कोरोना मरीज हो चुके हैं। बावजूद लोग लापरवाही बरततते हैं जो चिंताजनक है।