logo

कोरोना महामारी से दूसरे देशों को भी बचा रहा भारत, इन अफ्रीकी देशों को भेजा कोविड का वैक्सीन

5987news.jpg
द फॉलोअप टीम, दिल्ली: 
भारत कोरोना महामारी से ना केवल अपने नागरिकों की सुरक्षा करने के लिए प्रयासरत है बल्कि दूसरे देशों की भी बढ़-चढ़कर सहायता कर रहा है। ताजा जानकारी के मुताबिक भारत में बना कोविड का टीका घाना, रंवाडा, सेनेगल, डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ कांगो और कोटे डी आइवर भेजा गया है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अनुराग श्रीवास्तव ने जानकारी दी कि भारत में बना कोविड का टीका इन देशों को हवाई मार्ग के जरिये भेजा गया। भारत ने श्रीलंका और बांग्लादेश की भी सहायता की। 

भारत में दो वैक्सीन को मिली है मंजूरी
बता दें कि भारत में मुख्य रूप से दो टीकों को इस्तेमाल की मंजूरी मिली है। इनमें पहली वैक्सीन कोविशील्ड है। कोविशील्ड का उत्पादन पुणे की दवा निर्माता कंपनी सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया ने किया है। ये वैक्सीन मुख्य रूप से लंदन की ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी और ब्रिटेन की दवा निर्माता कंपनी एस्ट्राजेनेका द्वारा विकसित की गयी है। आम शब्दों में इस वैक्सीन को ऑक्सफोर्ड-एस्ट्राजेनेका की वैक्सीन कहा जा रहा है। अभी तक ये सबसे ज्यादा विश्वसनीय मानी जा रही है। दूसरी वैक्सीन कोवैक्सीन है। इस वैक्सीन को हैदराबाद की दवा निर्माता कंपनी भारत बायोटेक ने विकसित किया है। कोवैक्सीन पूर्ण रूप से स्वदेशी वैक्सीन है। 

जायडस कैडिला का अभी  ट्रायल जारी है
भारत में एक और वैक्सीन लगभग तैयार हो चुकी है। अहमदाबाद की वैक्सीन निर्माता कंपनी जायडस कैडिला ने जायकोव-डी नाम की वैक्सीन इजाद की है। फिलहाल इसका ट्रायल किया जा रहा है। कई चरणों के ट्रायल से गुजरने के बाद इसका फाइनल ह्यूमन ट्रायल किया जायेगा। इसमें पास होने के बाद ही जायडस कैडिला के वैक्सीन को इस्तेमाल की मंजूरी मिलेगी। फिलहाल इसका इंतजार किया जा रहा है। 

भारत में भी चल रहा है टीकाकरण अभियान
इस बीच भारत में जनवरी महीने से ही वैक्सीनेशन अभियान शुरू किया जा चुका है। लोगों को कोवैक्सीन और कोविशील्ड का टीका दिया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक पूरी तरह से प्रतिरोधी क्षमता विकसित करने के लिए लोगों को टीके का दो डोज दिया जाना है। जानने वाली बात ये है कि जिस व्यक्ति को कोवैक्सीन का टीका लगाया गया है उसे दूसरा डोज भी कोवैक्सीन का ही दिया जायेगा वहीं जिस व्यक्ति को कोविशील्ड का टीका लगाया गया है उसे दूसरा डोज भी कोविशील्ड का ही दिया जायेगा। 

इन बड़ी राजनीतिक हस्तियों ने लिया टीका
भारत में टीकाकरण अभियान के तहत पहले फेज में केवल फ्रंटलाइन वर्कर्स जैसे कि डॉक्टर, नर्स सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी, पुलिसकर्मी और सफाईकर्मी को टीका लगाया गया। अब आम लोगों को भी कोरोना का टीका लगाया जा रहा है। आम लोगों को टीका लगवाने के लिए ढाई सौ रूपये का भुगतान करना होगा। इस बीच कई राजनीतिक हस्तियों ने भी टीका लगवाया। सबसे पहले पीएम मोदी ने टीका लगवाया था।  गुरुवार को केंद्रीय पर्यटन मंत्री प्रह्लाद सिंह पटेल ने कोविड का टीका लगवाय। वहीं शिमला में हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कोरोना वैक्सीन का पहला डोज लगवाया।