द फॉलोअप टीम, दिल्ली:
नीरज चोपड़ा के भाला की 1.5 करोड़ रुपए की बोली लगी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मेदी को मिले खास तोहफे और उपहारों की ई-नीलामी की आखिरी तारीख 7 अक्टूबर थी। संस्कृति मंत्रालय के अनुसार टोक्यो ओलंपिक के गोल्ड मेडलिस्ट नीरज चोपड़ा का भाला सबसे महंगा बिका है। इस ई-नीलामी में प्रधानमंत्री को तोहफे में मिले धार्मिक कलाकृतियों ने लोगों को खूब आकर्षित किया। संस्कृति मंत्रालय ने ही बताया है कि भारत के लिए गोल्ड मेडल जीतने वाले नीरज चोपड़ा के भाले की सबसे ज्यादा बोली लगाई गई है।
सरदार पटेल की मूर्ति की सबसे अच्छी बोली
प्रधानमंत्री को मिले उपहारों की ई-नीलामी में सरदार पटेल की मूर्ति के लिए सबसे अधिक लोगों ने यानी 140 लोगों ने बोली लगायी है। नीरज चोपड़ा के भाले के लिए सबसे अच्छे कीमत की बोली लगी है। सबसे अधिक बोली प्राप्त करने वाली वस्तुओं में लकड़ी से बनी गणेश प्रतिमा भी शामिल है। गणेश प्रतिमा के लिए 117 बोलियां लगीं। पुणे मेट्रो लाइन के एक स्मृति चिह्न के लिए 104 बोलियां और विजय मशाल के स्मृति चिह्न के लिए 98 बोलियां लगी।

भवानी देवी के तलवार की भी अच्छी बोली लगी
भवानी देवी के हस्ताक्षर वाली तलवार के लिए 1.25 करोड़ रुपए की बोली लगी। वहीं, सुमित अंतिल के भाले के लिए 1.002 करोड़ रुपए, टोक्यो 2020 पैरालंपिक दल द्वारा दिए गए ऑटोग्राफ वाले कपड़े के लिए एक करोड़ रुपए और लवलीना बोरगोहेन के मुक्केबाजी दस्ताने के लिए 91 लाख रुपए की बोली लगी।
16 अगस्त को दिया था उपहार
बता दें कि नीरज चोपड़ा ने 16 अगस्त को भारतीय ओलंपिक खिलाडियों के सम्मान समारोह के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपना भाला उपहार में दिया था।अन्य भारतीय एथलीटों ने भी अपने-अपने ओलंपिक सामान दिए थे जिसे ई-नीलामी के लिए रखा गया था। बता दें कि नीरज के भाले की कीमत बाजार में करीब 80 हजार रूपये है। यह भाला नॉर्डिक स्पोर्ट्स ने बनाया है।