द फॉलोअप टीम, बागपत:
यूपी के बागपत जिला स्थित बिनौली क्षेत्र के आर्य विद्यालय इंटर कॉलेज में जलपुरूष के नाम से विख्यात राजेंद्र सिंह ने छात्र छात्रों को पानी का महत्व समझाया। बच्चों को उन्होंने पानी बचाने का संकल्प दिलाया। राजेंद्र सिंह ने कहा कि नीर, नदी और नारी के सम्मान से हम नारायण बन सकते हैं। गौरतलब है कि रैमन मैग्सेसे पुरस्कार से सम्मानित राजेंद्र सिंह ने कहा कि शिक्षा मानसिक विकास कर बौद्धिक बनाती है।

पानी के लिए होगा तीसरा विश्व युद्ध
जलपुरूष राजेंद्र सिंह ने कहा कि शिक्षा हमें प्रतियोगिता में आगे निकालती है। आर्थिक रूप से बड़ा इंसान बनाने में भूमिका निभाती है। आर्थिक दुनिया का सबसे बड़ा बनने का लालच इस पृथ्वी, प्रकृति और मानवता के लिए कदाचित शुभ नहीं हो सकता है। राजेंद्र सिंह ने कहा कि जिस ज्ञान व सत्य से आध्यात्म मिले वही विद्या है। उन्होंने पानी के लिए तीसरे विश्व युद्ध की आशंका पर बल दिया।

दुनिया में गहरा रहा है पानी संकट
राजेंद्र सिंह ने पानी संकट पर कहा कि तीसरा विश्व युद्ध शुरू हो चुका है। ये उन देशों के बीच शुरू हो चुका है जिनमें पानी की बड़ी समस्या है। सीरिया, इथोपिया, सूडान, सोमालिया, जॉर्डन और फिलीस्तीन सहित 17 देश हैं जो बेपानी हो रहे हैं। हमारा देश इस संकट से अभी बचा है। बागपत भी अभी बचा है लेकिन यहां के 2 ब्लॉक बेपानी हो चुके हैं। हम सबको मिलकर पानी बचाने का संकल्प लेना होगा।