द फॉलोअप टीम, रांची:
झारखंड ने कोरोना वैक्सीनेशन में 3 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया है। राज्य में अब तक 3 करोड़ 52 हजार 183 वैक्सीन डोज लगाया जा चुका है। ये आंकड़ा पहले और दूसरे डोज का मिलाकर है। गौरतलब है कि 1 करोड़ 86 लाख 81 हजार 412 पहला डोज लग चुका है वहीं 1 करोड़ 13 लाख 70 हजार 771 दूसरा डोज का आंकड़ा है। प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने ये जानकारी दी।
कोरोना के बढ़ते संक्रमण के बीच एक सुखदायक खबर शेयर कर रहा हूँ, झारखंड ने 3 करोड़ डोज का आंकड़ा पार कर लिया हैं, राज्य में 3 करोड़ 52 हजार 1 सौ 83 डोज(प्रथम और द्वितीय) मिलाकर हो गए हैं,इसमें प्रथम 1 करोड़ 86 लाख 81 हजार 4 सौ 12 एवं दूसरा डोज 1 करोड़ 13 लाख 70 हजार 7 सौ 71 हैं।
— Banna Gupta (@BannaGupta76) January 4, 2022
झारखंड में तेज हुई वैक्सीनेशन की रफ्तार
गौरतलब है कि झारखंड में अन्य राज्यों की भांति ही जनवरी 2021 से वैक्सीनेशन की शुरुआत हुई थी। राज्य के सभी जिलों, प्रखंड मुख्यालयों, स्कूल, स्वास्थ्य उपकेंद्र और आंगनबाड़ी केंद्रों में वैक्सीनेशन सेंटर बनाए गए। केंद्र ने जब डोर-टू-डोर वैक्सीनेशन के लिए हर घर दस्तक अभियान की शुरुआत की गई तो झारखंड में भी पंचायतों में कैंप लगाकर लोगों को टीका लगाया गया। गौरतलब है कि वैक्सीन की कमी को लेकर कई बार राज्य के स्वास्थ्य मंत्री ने केंद्र सरकार पर कम आपूर्ति का आरोप लगाया। स्वास्थ्य मंत्री ने कई बार कहा कि केंद्र की बीजेपी सरकार झारखंड के साथ भेदभाव करती है।

3 जनवरी से बच्चों का भी वैक्सीनेशन शुरू
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि 3 जनवरी से झारखंड में बच्चों का वैक्सीनेशन भी शुरू किया गया। राजधानी रांची सहित सभी जिलों में 15 से 18 वर्ष की आयु वर्ग के बच्चों को वैक्सीन लगाया जा रहा है। मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री लोगों से अपील कर चुके हैं कि लोग अपना टीकाकरण करवायें। गौरतलब है कि पहले दिन बड़ी संख्या में बच्चों ने वैक्सीन लगवाया।

कोविड की वजह से प्रदेश में लगी पाबंदियां
इधर कोरोना की बढ़ती रफ्तार के बीच झारखंड सरकार ने कुछ पाबंदियां भी लगाई हैं। सभी शिक्षण संस्थान, सार्वजनिक पार्क, जिम, स्विमिंग पुल, पर्यटन स्थल और जू को बंद रखा गया है। मॉल, सिनेमा हॉल, वैंक्विट हॉल आदि को 50 फीसदी क्षमता के साथ खोलने का निर्देश दिया गया है। शादी समारोह, अंत्येष्टि अथवा किसी अन्य सार्वजनिक कार्यक्रम में महज 100 लोगों को ही शामिल होना है।