logo

तीसरा सबसे बेरोजगार राज्य है झारखंड, रोजगार देने में फिसड्डी है प्रदेश सरकार

तीसरा सबसे बेरोजगार राज्य है झारखंड, रोजगार देने में फिसड्डी है प्रदेश सरकार

द फॉलोअप टीम, रांची:

झारखंड में किस कदर बेरोजगारी फैली है यह बात किसी से छिपी नहीं है। अब तो आंकड़े भी इस बात को प्रमाणित कर रहे हैं कि झारखंड की बेरोजगारी दर बढ़ती जा रही है। राज्य में बेरोजगारी 2021 के दिसंबर माह में 17.3 फीसदी हो गयी है, जो कि पिछले पांच साल के दिसंबर माह की बेरोजगारी दर में सबसे अधिक है। 2016 के दिसंबर में राज्य की बेरोजगारी दर 1.9 फीसदी थी। 

झारखंड तीसरा सबसे बेरोजगार राज्य
सेंटर फॉर मॉनिटरिंग इंडियन इकोनॉमी प्राइवेट लिमिटेड (सीएमआइइ) से जारी आकड़ों के अनुसार बेरोजगारी दर के मामले में झारखंड देश में तीसरे पायदान पर है। देश में सबसे अधिक बेरोजगारी दर हरियाणा में है। यहां करीब 34.1 फीसदी बेरोजगारी दर है। राजस्थान का 27.1 फीसदी है। इसके बाद झारखंड है। बिहार की बेरोजगारी दर 16 फीसदी है। पूरे देश की औसत बेरोजगारी दर दिसंबर माह में 7.84 फीसदी रही।

कोरोना काल में बढ़ी है बेरोजगारी
राज्य की बेरोजगारी कोरोना काल में बढ़ गयी थी। बाहर काम करने वाले कई लोग काम छोड़कर लौट गये थे। इस कारण बेरोजगारी दौर तेजी से बढ़ी थी। बीच में कुछ स्थिति सुधरने लगी थी लेकिन फिर कोरोना तेजी से फैल रहा है। जुलाई 2020 से सितंबर 2021 त बेरोजगारी दर आठ से 13 फीसदी के बीच आ गयी थी।

4 माह तक होता है सर्वे 
संस्था करीब 11100 घरों का हर सप्ताह सर्वे कराती है। 4 माह के सर्वे का जो अंतिम माह होता है, उससे माह की बेरोजगारी दर तय होती है, रोजगार में 15 साल से अधिक उम्र के लोगों को शामिल किया जाता है, रोजगार की चाह रखने वाले ऐसे लोगों को कम से कम 100 दिनों तक रोजगार नहीं मिलता है, तो उन्हें बेरोजगार की सूची में शामिल किया जाता है।