logo

केएल राहुल पर लगा जुर्माना, अंपायर के फैसले पर जताया था असंतोष

12511news.jpg

द फॉलोअप टीम, डेस्क:

टीम इंडिया के ओपनर केएल राहुल पर मैच फीस का 15 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है। इंग्लैंड के खिलाफ खेल रहे चौथे टेस्ट के तीसरे दिन आइसीसी आचार संहिता के स्तर 1 के उल्लंघन मामले में राहुल पर यह जुर्माना लगा है। राहुल पर आइसीसी आचार संहिता के अनुच्छेद 2.8 का उल्लंघन करने का का आरोप है। यह अनुच्छेद एक अंतरराष्ट्रीय मैच के दौरान अंपायर के फैसले पर असंतोष जताने से संबंधित है। राहुल के अनुशासनात्मक रिकार्ड में एक डिमेरिट भी जोड़ा गया है। 2 साल में यह उनकी पहली गलती थी। मामला शनिवार को भारत की दूसरी पारी के 34वें ओवर का है। जब राहुल ने डीआरएस के बाद विकेट के पीछे पकड़े जाने पर असंतोष दिखाया। 

नॉट आउट देने पर असंतोष 

दरअसल जेम्स एंडरसन की गेंद पर विकेट के पीछे जानी बेयरस्टो ने कैच लिया था। इसपर अंपायर ने उन्हें नाट आउट दिया। इसके बाद इंग्लैंड के को कप्तान जो रूट ने रिव्यू किया और थर्ड अंपायर ने आउट दिया। इस निर्णय पर राहुल ने असंतोष दिखाया इसलिए उनपर कार्रवाई हुई है। राहुल ने अपनी गलती स्वीकार कर ली है। उन्होंने आइसीसी एलीट पैनल के मैच रेफरी के क्रिस ब्राड द्वारा प्रस्तावित प्रतिबंध को स्वीकार किया इसलिए किसी औपचारिक सुनवाई की कोई जरूरत ही नहीं। 

इस तरह लगता है जुर्माना 

अंपायर रिचर्ड इलिंगवर्थ और एलेक्स वार्फ, तीसरे अंपायर माइकल गाफ और चौथे अधिकारी माइक बर्न्स ने चार्ज लगाए। बता दें कि स्तर 1 के उल्लंघन में एक आधिकारिक डांट का न्यूनतम दंड या खिलाड़ी की मैच फीस का अधिकतम 50 प्रतिशत जुर्माना और एक या दो डिमेरिट प्वाइंट मिलता है। अगर किसी खिलाड़ी की 2 साल की अवधि के अंदर चार या अधिक डिमेरिट प्वाइंट मिल जाते हैं, तो यह निलंबन अंक में बदल जाता है और खिलाड़ी पर प्रतिबंध लगा दिया जाता है। दो निलंबन अंक मिलने पर खिलाड़ी पर एक टेस्ट या दो वनडे या दो टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों से प्रतिबंध लगता है।