द फॉलोअप टीम, डेस्कः
ICC T20 World Cup 2021 का दूसरा सेमीफाइनल मैच आज शाम 7:30 बजे पाकिस्तान और आस्ट्रेलिया के बीच दुबई के मैदान पर खेला जाना है। चूकि न्यूजीलैंड की टीम इंग्लैंड को हराकर आईसीसी टी-20 विश्व कप 2021 के फाइनल में जा पहुंची है। इसलिए इस मुकाबले को जो टीम जीतेगी, उसे न्यूजीलैंड के खिलाफ इसी मैदान पर फाइनल मुकाबला खेलने का मौका मिलेगा, जबकि जो टीम हार जाएगी, उसका सफर टी20 विश्व कप 2021 से समाप्त हो जाएगा।

किसकी होगी ट्रॉफी
जीत कर पाकिस्तान के पास टी20 विश्व कप के फाइनल में जाने का मौका होगा और टीम दूसरे खिताब की ओर देख रही होगी। वहीं, आस्ट्रेलिया इस मैच को जीतकर अपने पहले खिताब की दावेदारी पेश करना चाहेगी। ऐसे में पाकिस्तान और आस्ट्रेलिया की टीम किस प्लेइंग इलेवन के साथ मैदान पर उतर सकती है, इस बारे में जान लीजिए।
टी20 विश्व कप में पाकिस्तान
बात इस टूर्नामेंट की एकमात्र अजेय टीम पाकिस्तान की करें तो टीम को कुछ बदलाव करने पड़ सकते हैं, क्योंकि टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान और आलराउंडर शोएब मलिक को बुखार है। ऐसे में शायद इन खिलाड़ियों को प्लेइंग इलेवन से बाहर रखा जा सकता है। अगर इनको बाहर किया जाता है तो फिर पूर्व कप्तान सरफराज अहमद और हैदर अली को प्लेइंग इलेवन में शामिल किया जा सकता है। हालांकि, इसके चांस कम लग रहे हैं।

टी20 विश्व कप में आस्ट्रेलिया
वहीं बात अगर आस्ट्रेलिया की टीम करें तो आस्ट्रेलिया ने इस टूर्नामेंट में सुपर 12 में सिर्फ एक मैच इंग्लैंड के खिलाफ हारी है और इंग्लैंड अब टूर्नामेंट से बाहर है। हालांकि, कप्तान आरोन फिंच सेमीफाइनल मैच में शायद ही कोई बदलाव करना पसंद करेंगे। अगर सभी खिलाड़ी फिट हैं तो टीम उसी प्लेइंग इलेवन के साथ मैदान पर उतरना चाहेगी, जिस प्लेइंग इलेवन के साथ कंगारू टीम ने आखिरी लीग मैच जीता था।

आस्ट्रेलिया की संभावित प्लेइंग इलेवन
डेविड वार्नर, आरोन फिंच (कप्तान), मिचेल मार्श, स्टीव स्मिथ, ग्लेन मैक्सवेल, मार्कस स्टोइनिस, मैथ्यू वेड (विकेटकीपर), पैट कमिंस, मिचेल स्टार्क, एडम जैम्पा और जोश हेजलवुड।
पाकिस्तान की संभावित प्लेइंग इलेवन
बाबर आजम (कप्तान), मोहम्मद रिजवान (विकेटकीपर)/सरफराज अहमद,फखर जमां, मोहम्मद हफीज, शोएब मलिक/हैदर अली, आसिफ अली, इमाद वसीम, शादाब खान, हसन अली, हैरिस रउफ और शाहीन शाह अफरीदी।