द फॉलोअप टीम, डेस्क:
बेबाक अंदाज और विवादित बयानों के लिए सुर्खियों में रहने वाले जम्मू-कश्मीर के पूर्व और मेघालय के मौजूदा राज्यपाल सत्यपाल मलिक ने नया शिगूफा छोड़ दिया है। राज्यपाल सत्यपाल मलिक का निशाना बने हैं भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र दामोदर दास मोदी। हरियाणा के दादरी में एक सामाजिक कार्यक्रम में शामिल होने आये सत्यपाल मलिक ने कहा जब मैं किसानों के मसले पर उनसे बात करने पहुंचा तो वो बहुत घमंड में थे। सत्यपाल मलिक के इस बयान से सियासी भूचाल आ गया है।

सत्यपाल मलिक की प्रधानमंत्री से लड़ाई
हरियाणा के दादरी में सत्यपाल मलिक ने कहा कि जब मैं किसानों के मामले में प्रधानमंत्री से मिलने गया तो मेरी उनसे पांच मिनट लड़ाई हो गई। किसानों के मसले को लेकर वो बहुत घमंड में थे। सत्यपाल मलिक ने कहा कि जब मैंने उनसे कहा कि हमारे 500 लोग मर गये तो उन्होंने कहा कि मेरे लिए मरे हैं क्या। सत्यपाल मलिक ने आगे कहा कि, मैंने पीएम से कहा कि आपके लिए ही तो मरे थे जो आप राजा बने हुए है। इस बात पर मेरी प्रधानमंत्री से लड़ाई हो गई। उन्होंने कहा कि आप सब अमित शाह से मिल लो। मैं अमित शाह से मिला।
कृषि कानूनों की वापसी पर सत्यपाल मलिक
इस बयान के बाद मीडिया से मुखातिब सत्यपाल मलिक ने कृषि कानूनों को वापस लेने के सरकार के फैसले पर कहा कि प्रधानमंत्री ने जो कहा, उसके अलावा वो कह भी क्या सकते थे। हमने यानी किसानों ने अपने पक्ष में फैसला करवाया। किसानों की लंबित मांग पर सत्यपाल मलिक ने कहा कि हमें एमएसपी पर कानूनी गारंटी पाने के लिए उनकी मदद चाहिए। कुछ ऐसा ना करें जिससे सब खराब हो जाये। सत्यपाल मलिक ने कहा कि जो मामले अभी लंबित हैं, सरकार को ईमानदारी बरतते हुए उसको वापस लेना चाहिए।

केंद्र पर निशाना साधते रहते हैं सत्यपाल मलिक
गौरतलब है कि किसानों ने फिलहाल किसान आंदोलन को स्थगित कर दिया है क्योंकि बीते शीतकालीन सत्र में केंद्र सरकार ने इसे वापस ले लिया। किसान तीन कृषि कानूनों को वापस लेने की मांग को लेकर बीते 1 साल से आंदोलनरत थे। आखिरकार 19 नवंबर को पीएम मोदी ने ऐलान किया कि केंद ने कृषि कानूनों को वापस लेने का फैसला किया है। बता दें कि सत्यपाल मलिक पहले भी किसानों के समर्थन में केंद्र सरकार पर निशाना साधते रहे हैं। इससे पहले भी जयपुर में मेघालय के राज्यपाल सत्यपाल मलिक ने कहा था कि मैं समर्थन में बोलता हूं। पता नहीं कब दिल्ली से बुलावा आ जाये।