logo

चक्रवाती तूफान यास ने बरपाया कहर! बंगाल के 1100 गांवों में बाढ़, ओड़िशा और झारखंड के कई जिलों में भारी बारिश

चक्रवाती तूफान यास ने बरपाया कहर! बंगाल के 1100 गांवों में बाढ़, ओड़िशा और झारखंड के कई जिलों में भारी बारिश
द फॉलोअप टीम, रांची: 

ओड़िशा में बुधवार की सुबह लैंडफॉल के बाद यास ने ओड़िशा और पश्चिम बंगाल के सीमावर्ती इलाकों में खूब तबाही मचाई। पश्चिम बंगाल के तकरीबन 1100 गांवों में बाढ़ आ गई। इस दौरान तूफान निचले इलाकों तक पहुंचा। कई पेड़ों को जड़ से उखाड़ दिए। बिजली के खंभे सड़कों पर आ गिरे। यास तूफान की वजह से अब तक पांच लोगों के मारे जाने की सूचना है। बुधवार रात को यास तूफान झारखंड की सीमा में प्रवेश कर दिया। इस बीच भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने सूचना दी है कि तूफान कमजोर हो रहा है। गुरुवार को मौसम विभाग ने कहा कि तूफान कमजोर हो रहा है

उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ता जा रहा तूफान
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने वेदर बुलेटिन में बताया कि तूफान उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ता जाएगा। आने वाले 12 घंटों में इसकी रफ्तार में कमी आएगी। इस बीच तूफान की गति 155 से 160 किमी प्रति घंटा रही। झारखंड में तूफान की रफ्तार 75 किमी प्रति घंटा रही। झारखंड के जमशेदपुर, सरायकेला-खरसावां, धनबाद, दुमका, साहिबगंज और गोड्डा जिलों में तेज हवा के साथ बारिश जारी है। पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिहंभूम, कोल्हान सहित  खूंटी के निचले इलाकों से लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया गया है। कम से कम 10 हजार लोग सुरक्षित स्थान पर पहुंचाये गये हैं। 

चक्रवात से 3 लाख घरों को पहुंचा नुकसान
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने जानकारी दी है कि तूफान से अब तक 3 लाख से ज्यादा घरों को नुकसान पहुंचा है। करीब 1 करोड़ लोग तूफान में प्रभावित हुए है। तटीय इलाकों से अभी तक तकरीबन 15 लाख लोगों को सुरक्षित ठिकानों तक पहुंचाया गया है। एनडीआरएफ की टीम राहत और बचाव कार्य में लगी हुई है। ओड़िशा का बालासोर, भद्रक, जगतसिंहपुर और केंद्रपाड़ा तूफान से सर्वाधिक प्रभावित हुए हैं। बंगाल में दक्षिण और उत्तर 24 परगना, दीघा, पूर्वी मेदिनीपुर और नंदीग्राम में तूफान ने सबसे ज्यादा तबाही मचाई है। 10 करोड़ लोगों के बीच राहत सामग्री का वितरण किया गया है। 

बंगाल-ओड़िशा-झारखंड में तूफान का कहर
तस्वीरों में देखा जा सकता है कि पश्चिम बंगाल और ओड़िशा के तटवर्ती इलाकों में समुद्र का पानी तटबंध को तोड़कर सड़क और बस्तियों में घुस आया है। इसकी वजह से कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात हैं। विद्युत व्यवस्था चरमरा गई है। आवागमन ठप हो गया है। फिलहाल झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओड़िशा के कई जिलों में तेज हवा के साथ मूसलाधार बारिश जारी है।