logo

भारत में डेल्टा वेरिएंट को रिप्लेस कर रहा है ओमिक्रॉन, नए संक्रमितों के विश्लेषण से पता चला! 

भारत में डेल्टा वेरिएंट को रिप्लेस कर रहा है ओमिक्रॉन, नए संक्रमितों के विश्लेषण से पता चला! 

द फॉलोअप टीम, डेस्क: 

बीते कुछ दिनों में कोरोना के मामलों में तेजी से उछाल देखी जा रही है। 2 सप्ताह पहले तक जहां रोजाना 10 हजार से कम संक्रमित मिल रहे थे वहीं शुक्रवार को मरीजों की संख्या 16 हजार के पार चली गई। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि बीते 24 घंटे में भारत में 16 हजार 764 कोरोना मरीज मिले। 220 लोगों की जान चली गई। अब देश में कोरोना के बढ़ते मामलों पर सरकारी सूत्रों ने बड़ी जानकारी दी है। ये जानकारी चिंता पैदा करने वाली हो सकती है। 

डेल्टा को रिप्लेस कर रहा है ओमिक्रॉन
सरकारी सूत्रों से प्राप्त जानकारी के मुताबिक ओमिक्रॉन ने भारत में कोरोना वायरस के डेल्टा वेरिएंट को रिप्लेस करना शुरू कर दिया है। सरकार का मानना है कि हाल के दिनों में कोरोना के जैसे मामले सामने आये हैं, उनकी संख्या का विश्लेषण करने से ये पता चलता है कि ओमिक्रॉन वेरिएंट ने कोरोना वायरस के डेल्टा वेरिएंट को रिप्लेस करना शुरू कर दिया है। अधिकांश मामलों में संक्रमितों में कोई लक्षण नहीं दिख रहा है। 41 फीसदी लोग ओमिक्रॉन से संक्रमित हो रहे हैं। 

दक्षिण अफ्रीका में मिला था ओमिक्रॉन
गौरतलब है कि दुनिया में ओमिक्रॉन की पहली बार पहचान दक्षिण अफ्रीका में की गई थी। वहां सैंपल की जीनोम सिक्वेंसिंग के दौरान पता चला था कि कोरोना वायरस को नया वेरिएंट सामने आया है। दक्षिण अफ्रीकी सरकार ने 24 नवंबर को विश्व स्वास्थ्य संगठन को इस बात की जानकारी दी। इसके बाद से ओमिक्रॉन तकरीबन पूरी दुनिया में फैल चुका है। यूरोप और अमेरिका इस वेरिएंट से सबसे ज्यादा प्रभावित हैं। भारत में भी कई राज्यों में इसके मामले सामने आये हैं। 

बिहार में ओमिक्रॉन के पहले केस की पुष्टि
गौरतलब है कि भारत के तकरीबन सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में ओमिक्रॉन के मामले मिले हैं। दिल्ली और महाराष्ट्र में ओमिक्रॉन के सर्वाधिक मामले सामने आये हैं। देश में ओमिक्रॉन से संक्रमित 1200 से ज्यादा मामले सामने आये हैं। हालांकि, अभी तक झारखंड में ओमिक्रॉन से संक्रमित कोई मरीज नहीं मिला है। बिहार में 1 मामले की पुष्टि हुई है।