द फॉलोअप टीम, गुवाहाटीः
असम पुलिस ने पद्म पुरस्कार विजेता उद्धव कुमार भराली के ख़िलाफ़ रेप करने का मामला दर्ज किया है। उद्धव कुमार भराली पर आरोप है कि उन्होंने अपनी ही गोद ली हुई बेटी के साथ पिछले एक साल से दुष्कर्म किया है। मामला नॉर्थ लखीमपुर थाने का है । पुलिस के मुताबिक ये मामला बाल यौन शोषण संरक्षण अधिनियम (पॉक्सो एक्ट) की धारा 6 और आईपीसी की धारा 354/376(i)/376(j)/376(k) के तहत दर्ज किया गया है। असम पुलिस ने पोक्सो के तहत आरोपी के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज कर ली है। एफआईआर के बाद आरोपी ने गुवाहाटी हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया और उसे 28 दिसंबर तक अंतरिम जमानत भी मिल गई थी। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है।

सीडब्ल्यूसी लगा रहा आरोप
आरोपों में कहा गया कि जब पीड़िता भराली की देखरेख में उनके घर पर रह रही थी उस दौरान उनके के साथ एक साल तक यौन उत्पीड़न किया गया। हालांकि भराली के वकील एएम बोरा ने अदालत में कहा कि लखीमपुर में मौजूद बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) के साथ हुए एक विवाद के बाद भराली पर ये आरोप लगाए जा रहे हैं। इसलिए सीडब्ल्यूसी के ख़िलाफ़ भराली को अपमानित करने और उनकी प्रतिष्ठा को ख़राब करने के आरोप में एक जवाबी याचिका दर्ज की गई है। जबकि असम पुलिस ने एक मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की शिकायत के आधार पर भराली के ख़िलाफ़ यह मामला दर्ज किया है। जानकारी के मुताबिक 17 दिसंबर को ज़िला क़ानूनी सेवा प्राधिकरण ने मजिस्ट्रेट को इस मामले की जानकारी दी थी।

पीड़िता को बाल गृह में भर्ती कराया
पुलिस ने कहा कि हम इस पर टिप्पणी नहीं कर सकते, लेकिन इस मामले की जांच जारी है। इस पर जस्टिस अरुण देव चौधरी ने कहा कि इस घटना से पीड़िता का मान सम्मान पर गहरा चोट पड़ा है। इसलिए इस मामले में देरी नहीं करते हुए पुलिस ने एफआईआर दर्ज की थी। इस घटना के बाद पीड़िता को बाल गृह में भर्ती करा दिया गया है जो खास पुलिस वालों की निगरानी में है। कोर्ट ने कहा कि पीड़िता अपने बयान में किसी खास बात का जिक्र नहीं किया है। इस पर कोर्ट ने न्याय को देखते हुए एक अंतरिम आदेश पारित करने की बात कही और इसमें याचिकाकर्ता को 7 दिनों के भीतर पुलिस के सामने पेश होने को बोला गया है।
क्यों मिला है पद्म पुरस्कार
बता दें कि उद्धव कुमार भराली असम में विज्ञान और इंजीनियरिंग के क्षेत्र में 140 से अधिक इनोवेशन के लिए साल 2019 में पद्म पुरस्कार से सम्मानित किया गया था।