द फॉलोअप टीम, दिल्ली:
प्रधानमंत्री मोदी ने शुक्रवार को कोलकाता में चित्तरंजन राष्ट्रीय कैंसर संस्थान के दूसरे परिसर का उद्घाटन किया। पीएम मोदी ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये परिसर का उद्घाटन किया। कार्यक्रम में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भी वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये शामिल हुईं। वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने कार्यक्रम में शिरकत की।
150 करोड़ वैक्सीन डोज का एतिहासिक लक्ष्य
प्रधानमंत्री ने इस दौरान बताया कि भारत ने 150 करोड़ वैक्सीन डोज देने का एतिहासिक मुकाम हासिल किया है। पीएम ने कहा कि देश ने इस साल की शुरुआत 15 से 18 वर्ष के बच्चों को टीका लगाने से की थी। साल के पहले हफ्ते में ही भारत ने 150 करोड़ वैक्सीन डोज लगाने का एतिहासिक मुकाम हासिल किया है। पीएम ने कहा कि भारत की व्यस्क आबादी में से 90 फीसदी से ज्यादा लोगों को कोविड वैक्सीन की कम से कम 1 डोज लगाई जा चुकी है। महज 5 दिन में डेढ़ करोड़ से ज्यादा बच्चों को टीका लगाया जा चुका है। पीएम ने कहा कि ये उपलब्धि पूरे देश की है। देश के सभी सरकारों की है।

घुटने के प्रत्यारोपण की लागत हो गई कम
पीएम ने इस दौरान कहा कि सरकार ने घुटने के प्रत्यारोपण की लागत भी कम कर दी है। वरिष्ठ नागरिकों को इससे विशेष लाभ हुआ है। पीएम ने कहा कि पीएम राष्ट्रीय डायलिसिस कार्यक्रम के तहत 12 लाख गरीबों को मुफ्त डायलिसिस के जरिये मदद मिली है। पीएम मोदी ने टीकाकरण अभियान की सफलता के लिए देश के वैज्ञानिकों, वैक्सीन उत्पादको और चिकित्साकर्मियों का शुक्रिया अदा किया। उनको बधाई भी दी। पीएम ने कहा कि सबके प्रयासों ने हमें उस संकल्प के शिखर तक पहुंचाया जिसकी शुरुआत हमने शून्य से की थी। पीएम ने कहा कि हमने ऐतिहासिक सफलता हासिल की है।

स्वास्थ्य मंत्री ने मनसुख मंडाविया ने क्या बताया
इस मौके पर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने कहा कि आज चित्तरंजन राष्ट्रीय कैंसर संस्थान के दूसरे परिसर का उद्घाटन हुआ। इससे पश्चिम बंगाल और पूर्वी भारत के कैंसर मरीजों को सस्ती और उत्तम स्वास्थ्य सुविधा मिलेगी। राज्य सरकार के साथ मिलकर कैंसर ट्रीटमेंट के लिए और भी संस्थान का निर्माण किया जायेगा। इसका लाभ गरीबों को मिलेगा।