द फॉलोअप टीम, डेस्क:
इत्र कारोबारी पीयूष जैन ने स्वीकार किया है कि कानपुर स्थित आवास से बरामद नकदी बिना जीएसटी का भुगतान किए माल की बिक्री से कमाई गई थी। गौरतलब है कि डीजीसीआई ने बताया कि ओडोकोम इंडस्ट्रीज (कन्नौज) द्वारा बड़े पैमाने पर जीएसटी की चोरी किए जाने का संकेत देने वाला रिकॉर्ड मिला है जो इस बात का पुख्ता सबूत है। पीयूष जैन को गिरफ्तार कर लिया गया है।

पीयूष जैन को गिरफ्तार किया गया
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि कानपुर के अरबपति इत्र कारोबारी पीयूष जैन के अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी कर अभी तक 257 करोड़ रुपये से भी ज्यादा की नकदी बरामद की गई है। भारी मात्रा में गहने भी मिले हैं। गौरतलब है कि पीयूष जैन को 26 दिसंबर यानी रविवार को गिरफ्तार किया गया था। काकादेव थाने में पीयूष जैन की रात गुजरी। थाने में पीयूष जैन को फर्श पर सोना पड़ा। गौरतलब है कि गिरफ्तारी से पहले पीयूष जैन से 50 घंटे से भी ज्यादा वक्त तक पूछताछ की गई। सारी जानकारी ली गई।

पीयूष जैन ने जमा कर रखी अकूत संपत्ति
जांच एजेंसियों को अभी तक पीयूष जैन के ठिकानों से अकूत नकदी के साथ-साथ ज्वेलरी और 16 बेशकीमती प्रॉपर्टी के दस्तावेज मिले हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक पीयूष जैन के कन्नौज में 7, कानपुर में 4, मुंबई में 2 और दिल्ली में एक बेशकीमती प्रॉपर्टी का मालिकाना हक है। उसने दुबई में भी 2 प्रॉपर्टी खरीद रखी है। अकूत संपत्ति का मालिक पीयूष जैन बहुत ही साधारण तरीके से जीवन जीता था।

बहुत ही साधारण तरीके से रहता था पीयूष
अलग-अलग रिपोर्ट्स से मिल रही जानकारी के मुताबिक लोगों और जांच एजेंसियों की निगाह में आने से बचने के लिए अकूत संपत्ति का मालिक पीयूष जैन बहुत ही साधारण तरीके से रहता था। उसने अपने पास 2 पुरानी गाड़ियां रखी थीं। एक गाड़ी का इंश्योरेंस भी खत्म हो चुका है। पीयूष जैन घर की रखवाली के रखे नौकर को भी बदलता रहता था ताकि उसकी असलियत लीक ना हो जाये। उसके घर में नौकर भी नहीं थे।

टैक्स चोरी के जरिए जमा की थी अकूत संपत्ति
गौरतलब है कि पीयूष जैन को टैक्स चोरी के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। कानपुर में गुड्स एंड सर्विसेज टैक्स के ज्वॉइंट कमिश्नर सुरेंद्र कुमार का कहना है कि नकली रसीदों के जरिए टैक्स की चोरी की जा रही थी। इस बीच इत्र एसोसिएसन ने यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखा है। कहा है कि पीयूष जैन इत्र कारोबारी नहीं है। संगठन का कहना है कि जैन की हरकतों को इत्र के व्यापार से जोड़कर ना देखा जाये। एजेंसियां मामले की तह तक जायें ताकि सब कुछ का पर्दाफाश हो सके।