द फॉलोअप टीम, रांची:
शराब की कुल 61 पेटी की कीमत लगभग 5 लाख रुपये बाजार में है। इतनी लागत की अवैध शराब झारखंड पुलिस ने जब्त की है। इसे रांची से बिहार ले जाया जा रहा था। इसे पिकअप गाड़ी से ले जाया जा रहा था, जिसे रामगढ जिले के NH/33 रांची पटना हाइवे के कुज्जु ओपी क्षेत्र के पास बरामद कर लिया गया। रामगढ एसडीपीओ किशोर रजक ने मीडिया को बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि अवैध विदेशी शराब से लदे एक पिकअप गाड़ी हाइवे से बिहार की ओर जा रही है।

पुलिस ने जाल बिछाकर देर रात कुज्जु क्षेत्र के हाइवे में वाहन चेकिंग कर इस शराब की खेप को पकड़ा है। पुलिस के अनुसार अंधेरे का लाभ उठाकर चालक भागने में सफल रहा है। इस मामले में पुलिस ने कुज्जु ओपी में मामला दर्ज कर आगे की कार्यवाही कर रही है।