logo

गैंगरेप मामले में परिजनों से मिलने जाएंगे राहुल-प्रियंका, बॉर्डर पर रोकने की तैयारी ! हाथरस की सीमाएं सील, मीडिया को भी अनुमति नहीं

1564news.jpg
द फॉलोअप टीम, नई दिल्ली 
हाथरस गैंगरेप की घटना पर देश भर में योगी सरकार की किरकिरी हो रही है। देश के कई हिस्सों में गुस्सा फूट पड़ा है। ऐसे में मामले में अब सियासत भी शुरू हो गई है। गुरुवार को कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और प्रियंका गांधी हाथरस जाने की तैयारी में हैं। वो गैंगरेप पीड़िता के परिजनों से मिलकर बात करेंगे। उधर, दोनों नेताओं के हाथरस आने की सूचना पर प्रशासन अलर्ट हो गया है। सूत्रों की मानें तो जिला प्रशासन राहुल और प्रियंका को बॉर्डर पर ही रोकने की तैयारी कर रहा है। उधर, हाथरस और बलरामपुर कांड पर बीएसपी सुप्रीमो मायावती ने गुरुवार को प्रेस वार्ता बुलाई है।

एसआईटी आज पीड़ित परिवार से मिलेगी
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और प्रियंका गांधी हाथरस जाने की तैयारी पर डीएम पी लक्षकार ने कहा कि हाथरस की सीमाएं सील हैं। जिले में सीआरपीसी की धारा 144 लागू कर दी गई है। ऐसे में एक जगह पर पांच से अधिक लोगों के इकट्ठा होने की अनुमति नहीं है। हमें प्रियंका गांधी की यात्रा के बारे में कोई जानकारी नहीं है। एसआईटी गुरुवार को पीड़ित परिवार के सदस्यों से मुलाकात करेगी। इस दौरान मीडिया को भी अनुमति नहीं दी जाएगी।

यूपी में रेप की घटनाओं पर प्रियंका ने हमला बोला 
हाथरस की तरह ही यूपी के बलरामपुर जिले में घटी रेप की घटना को लेकर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने यूपी की योगी सरकार पर हमला बोला है। प्रियंका गांधी ने गुरुवार सुबह ट्वीट करके कहा, 'हाथरस जैसी वीभत्स घटना बलरामपुर में घटी। लड़की का बलात्कार कर पैर और कमर तोड़ दी गई। आजमगढ़, बागपत, बुलंदशहर में बच्चियों से दरिंदगी हुई। यूपी में फैले जंगलराज की हद नहीं। मार्केटिंग, भाषणों से कानून व्यवस्था नहीं चलती। ये मुख्यमंत्री की जवाबदेही का वक्त है। जनता को जवाब चाहिए।'