द फॉलोअप टीम, रायपुर:
रायपुर में आयोजित धर्म संसद में महात्मा गांधी के बारे में आपत्तिनजक टिप्पणी करने वाले कालीचरण महाराज को रायपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। रायपुर पुलिस ने कालीचरण महाराज को मध्य प्रदेश से गिरफ्तार किया। रायपुर के पुलिस अधीक्षक प्रशांत अग्रवाल ने बताया कि कालीचरण महाराज को मध्य प्रदेश के खजुराहो से 25 किमी दूर बागेश्वर धाम से गिरफ्तार किया गया। वो वहां किराये के मकान में रह रहा था। पुलिस ने गुरुवार तड़के 4 बजे कालीचरण महाराज को गिरफ्तार किया।
गुरुवार शाम रायपुर लाया जायेगा कालीचरण महाराज
पुलिस अधीक्षक प्रशांत अग्रवाल ने बताया कि रायपुर पुलिस उसे गुरुवार शाम तक छत्तीसगढ़ लेकर पहुंचेगी। गौरतलब है कि कालीचरण महाराज के खिलाफ रायपुर के टिकरापारा थाना में मामला दर्ज करवाया गया है। इस बीच मिली जानकारी के मुताबिक मध्य प्रदेश पुलसि ने छतरपुर जिले में उस मकान मालिक को हिरासत में लिया है जहां कालीचरण महाराज ठहरा हुआ था।
कालीचरण के परिवार और वकील को दी गई है सूचना
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने जानकारी दी है कि छत्तीसगढ़ पुलिस ने कालीचरण महाराज के परिवार और उसके वकील को गिरफ्तारी की सूचना दी है। कालीचरण महाराज को 24 घंटे के अंदर कोर्ट में पेश किया जायेगा। गौरतलब है कि कालीचरण महाराज के खिलाफ राजद्रोह की धारायें भी जोड़ी गई है। सीएम भूपेश बघेल ने कहा कि राष्ट्रपति महात्मा गांधी जैसी हस्ती के खिलाफ इस तरह की अभद्र टिप्पणी बर्दाश्त नहीं की जायेगी। उसे कड़ी से कड़ी सजा मिलेगी।

कालीचरण महाराज की गिरफ्तारी पर क्यों हुआ बवाल
इस बीच कालीचरण महाराज की गिरफ्तारी को लेकर छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश सरकार के बीच ठन गई है। विवाद की स्थिति पैदा हो गई है। दरअसल, मध्य प्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि छत्तीसगढ़ पुलिस ने उनकी सरकार को गिरफ्तारी की सूचना नहीं दी। सीमा का अतिक्रमण किया। वहीं छत्तीसगढ़ के गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू ने कहा कि एक अपराधी को गिरफ्तार किया गया है। गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा को आपत्ति नहीं करनी चाहिए। आमतौर पर पुलिस सूचना देती है लेकिन कभी नहीं भी दी जाती है।