द फॉलोअप टीम, डेस्कः
टी20 वर्ल्ड कप से बाहर होने के बाद टीम इंडिया अब अगले मिशन के लिए तैयार हो रही है। भारत और न्यूजीलैंड के बीच 3 टी-20 इंटरनेशनल और 2 टेस्ट मैचों की सीरीज का आगाज 17 नवंबर से होने जा रहा है। इंडिया और न्यूजीलैंड के बीच टी20 सीरीज का आगाज 17 सितंबर को जयपुर में होने वाले मैच से होगा। इसके बाद दोनों टीमें रांची आएगी।
टी20 के कप्तान नहीं होंगे कोहली
आपको बता दें कि विराट कोहली बतौर कप्तान टी-20 फॉर्मेट का आखिरी मैच खेल चुके हैं। अब कोहली टी-20 फोर्मेट में भारतीय टीम के बतौर कप्तान नहीं खेलेंगे। गौरतलब है कि टी-20 सीरीज के लिए रोहित शर्मा को भारतीय टीम का नया कप्तान बनाया जा सकता है। रोहित को टीम की कमान सौंपी जा सकती है। नामीबिया के खिलाफ पोस्ट मैच प्रजेंटेशन के दौरान विराट कोहली ने रोहित शर्मा का नाम लेते हुए कहा था कि टीम सुरक्षित हाथों में है।

राहुल होंगे नए उपकप्तान
इंग्लैंड दौरे पर खराब फॉर्म से जूझने के बाद भी टेस्ट टीम में अजिंक्य रहाणे को उपकप्तान के रूप में बरकरार रखा जाएगा, जबकि टी20 सीरीज के लिए सलामी बल्लेबाज केएल राहुल उपकप्तान की भूमिका में नजर आएंगे।

टेस्ट टीम के कप्तान कौन
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट्स के मुताबिक, टी-20 सीरीज के अलावा न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट के लिए भी रोहित शर्मा को टीम का कप्तान बनाया जा सकता है। खबरों के मुताबिक मौजूदा टेस्ट कप्तान विराट कोहली पहले टेस्ट में रेस्ट ले रहे हैं और मुंबई में खेले जाने वाले दूसरे टेस्ट मैच में टीम में वापसी करेंगे।

न्यूजीलैंड सीरीज का शेड्यूल
भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी-20 सीरीज का पहला मैच 17 नवंबर को जयपुर, दूसरा मैच 19 नवंबर को रांची और आखिरी मैच 21 नवंबर को कोलकाता में खेला जाएगा। टेस्ट सीरीज का आगाज 25 नवंबर को होगा और पहला टेस्ट कानपुर में खेला जाएगा। जबकि दूसरा टेस्ट 3 दिसंबर से 7 दिसंबर के बीच मुंबई में होगा।