द फॉलोअप टीम, श्रीनगर:
श्रीनगर में गुरुवार देर रात सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच गोलीबारी हुई। मिली जानकारी के मुताबिक श्रीनगर के पंथा चौक इलाके में मुठभेड़ हुई। कश्मीर के आईजीपी विजय कुमार ने बताया कि गोलीबारी में प्रतबंधित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के 3 आतंकियों को मार गिराया। इनमें से एक आतंकी की पहचान सुहैल अहमद राथर के रूप में हुई है। बाकी 2 आतंकियों की शिनाख्त करने की कोशिश जारी है। सर्च ऑपरेशन भी जारी है।

मुठभेड़ में घायल हो गये 4 जवान
कश्मीर जोन पुलिस ने अपने आधिकारिक बयान में बताया कि श्रीनगर में देर रात मुठभेड़ में 3 पुलिसकर्मी और सीआरपीएफ का एक जवान घायल हो गया। उनको प्रांरभिक चिकित्सा के बाद अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया।

भारी मात्रा में हथियार भी किया बरामद
गौरतलब है कि गुरुवार को तड़के भी सीआरपीएफ और जम्मू कश्मीर पुलिस की संयुक्त टीम ने कुलगाम और अनंतनाग में मुठभेड़ की 2 अलग-अलग घटनाओं में जैश-ए-मोहम्मद के 6 आतंकियों को मार गिराया था। इनमें से 2 पाकिस्तानी आतंकी थे। गौरतलब है कि सुरक्षाबलों ने आतंकियों के पास से भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद भी बरामद किया था।