द फॉलोअप टीम, जलपाईगुड़ी:
पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी जिले में गुरुवार को बीकानेर-गुवाहाटी एक्सप्रेस ट्रेन के 12 डिब्बे पटरी से उतर गये। हादसे में 9 लोगों के मौत की सूचना है। पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी ने ये सूचना दी। केंद्रीय मंत्री जॉन बारला ने बताया कि 36 घायलो को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती करवाया गया है। बाकी यात्रियों को विशेष ट्रेन से गुवाहाटी भेजा गया है।
घटनास्थल पर पहुंचे रेल मंत्री अश्विनी बैष्णव
मिली जानकारी के मुताबिक शुक्रवार को अहले सुबह केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी बैष्णव जलपाईगुड़ी जिले के डोमोहानी के पास घटनास्थल पर पहुंचे। मृत यात्रियों के परिजनों से बात की। घायलों का हाल जाना। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि पीड़ितों को इलाज की बेहतर सुविधा उपलब्ध करवाई जाये। घटना की उच्चस्तरीय जांच का भी निर्देश दिया है। रेल मंत्री ने बताया कि घटना की वैधानिक जांच जारी है। पीएम खुद स्थिति की निगरानी कर रहे हैं। मैं लगातार उनके संपर्क में हूं। रेल मंत्री ने कहा कि मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।
स्थानीय लोगों ने शुरू किया राहत-बचाव कार्य
गौरतलब है कि बीकानेर से गुवाहाटी जा रही ट्रेन पटना में कुछ देर रूकने के बाद रवाना हुई थी। इसी बीच पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी जिले को डोमोहानी नाम की जगह पर तेज झटके के साथ ट्रेन की कई बोगियां पटरी से उतर गईं। वायरल हो रही तस्वीरों में दिखा कि यात्रियों का सामान इधऱ-उधऱ बिखरा है। सबसे पहले स्थानीय लोगों ने ही राहत और बचाव का काम शुरू किया। सूचना मिलते ही डीआरएम और एडीआरएम सहित कई आला अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे।
प्रधानमंत्री ने ममता बनर्जी से ली जानकारी
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने तत्काल सभी अधिकारियों को घटनास्थल पर पहुंचने को कहा। तत्काल करीब 35 एंबुलेंस को घटनास्थल की तरफ रवाना किया गया ताकि घायलो को जल्दी अस्पताल पहुंचाया जा सके। ममता बनर्जी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को हादसे के बारे में ब्रीफ किया। एनडीआरएफ की 2 टीमों को राहत और बचाव कार्य के लिए भेजा।