द फॉलोअप टीम, रांची :
राज्य के मुख्य सचिव के पद पर रहे भारतीय प्रशासनिक सेवा के सेवानिवृत्त अधिकारी सुधीर त्रिपाठी को झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) के अध्यक्ष नियुक्त किये गये हैं। सीएम हेमंत सोरेन ने त्रिपाठी को आयोग का अध्यक्ष नियुक्त करने से संबंधित प्रस्ताव को स्वीकृति दे दी है। 1985 बैच के अधिकारी रहे त्रिपाठी इससे पहले झारखंड लोक सेवा आयोग के अध्यक्ष के पद पर थे। वह रघुवर दास की सरकार में 28 फरवरी 2018 से 31 मार्च 2019 तक राज्य के मुख्य सचिव के पद पर थे. मालूम हो कि झारखंड कर्मचारी चयन आयोग में एक अध्यक्ष और सदस्य के दो पद हैं।
अतिरिक्त प्रभार में थे प्रशांत कुमार
अभी तक भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी प्रशांत कुमार आयोग के अध्यक्ष पद पर अतिरिक्त प्रभार में थे। वर्तमान में सदस्य का एक पद रिक्त है। सुरेंद्र कुमार एकमात्र सदस्य हैं। झारखंड कर्मचारी चयन आयोग में अध्यक्ष एवं सदस्यों का कार्यकाल अधिकतम 5 वर्ष अथवा 65 साल की उम्र तक निर्धारित है।