logo

भाजपा की नई महबूबा बनी मंहगाई, अब 'डायन' नहीं खाती-तेजस्वी यादव

14109news.jpg

द फॉलोअप टीम, पलामू: 

बिहार में नेता प्रतिपक्ष और राजद लीडर तेजस्वी यादव ने भाजपा पर जमकर निशाना साधा है। आज वह पलामू के छतरपुर में राजद कार्यकर्ता सम्मेलन में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि झारखंड के साथ केंद्र की मोदी सरकार सौतेला व्यवहार कर रही है। कभी मंहगाई के खिलाफ भाजपा सड़कों पर प्रदर्शन किया करती थी, तब विपक्ष में थी। उस समय भाजपा का नारा था, महंगाई डायन खाए जात है। लेकिन आज जबकि पेट्रोल-डीजल के दाम आसमान छू रहे हैं। भाजपा और उसके नेता चुप हैं। दरअसल उनकी नई महबूबा का नाम महंगाई हो चुका है, तो भला उसके खिलाफ कैसे बोला जाए। तेजस्वी यादव ने लगभग 23 मिनट तक बोला। इस दरम्यान उन नेताओं पर भी कटाक्ष किया, जो पार्टी को तोड़ने के प्रयास कर रहे हैं। जबकि राजद ने उन्हें सब कुछ दिया। मंत्री बनाया, विधायक बनाया। बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष पार्टी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव स्वस्थ होकर पटना लौट रहे हैं। वे जल्द ही आम लोगों के बीच मौजूद रहेंगे।

 



पुराने लोगों को जोड़ा जाएगा
तेजस्वी यादव ने कहा कि वह सप्ताह में 2 दिन झारखंड में समय देंगे। झारखंड में भी पार्टी को मजबूत किया जाएगा। पार्टी पलामू, चतरा, गोड्डा, साहिबगंज, देवघर, कोडरमा समेत कई जिलों में मजबूत कर रही है। तेजस्वी ने कहा कि पुराने नेता और कार्यकर्ताओं को पार्टी में जोड़ा जाएगा। वो गैर नहीं अपने हैं। सम्मेलन को पूर्व केंद्रीय मंत्री जयप्रकाश नारायण यादव, झारखंड सरकार के श्रम मंत्री सत्यानंद भोक्ता, राजद के प्रदेश अध्यक्ष अभय सिंह, पूर्व सांसद घूरन राम, विधायक संजय सिंह यादव, राधा कृष्ण किशोर आदि ने भी संबोधित किया।