द फॉलोअप टीम, दिल्ली:
पंजाब में पीएम नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) की सुरक्षा चूक का मामला अब सुप्रीम कोर्ट पहुंच चुका है। मामले की मेंशनिंग चीफ जस्टिस एनवी रमना (CJI NV Ramana) की बेंच के सामने की गई है। इस याचिका में यह सुनिश्चित करने का अनुरोध किया गया है कि भविष्य में प्रधानमंत्री की सुरक्षा में कोई सेंध न लगे। चीफ जस्टिस एनवी रमण, जस्टिस सूर्यकांत और जस्टिस हिमा कोहली की बेंच ने वरिष्ठ अधिवक्ता मनिंदर सिंह के उस प्रतिवेदन पर गौर किया है। संभावना है कि 7 जनवरी यानी शुक्रवार को मामले की सुनवाई हो सकती है।

गौरतलब है कि पंजाब में बुधवार को पीएम के काफिले को पंजाब के फिरोजपुर में करीब 15 से 20 मिनट तक रुकना पड़ा था। उन्हें एक रैली में शामिल हुए बिना ही वापस दिल्ली लौटना पड़ा था। इसको लेकर मामला बहुत गर्म है। पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी खेद जता चुके हैं। मामले की जांच के लिए कमेटी का गठन किया है। हालांकि इसका राजनीतिकरण किये जाने का विरोध किया है। कहा कि मोदी देश के प्रधानमंत्री हैं। हम उनका सम्मान करते हैं।

पंजाब में पीएम नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) की सुरक्षा चूक मामले में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। कहा कि प्रधानमंत्री की सुरक्षा में इस तरह की चूक अस्वीकार्य है। उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस निर्मित यह घटना, एक ट्रेलर है, जो बताती है कि यह पार्टी कैसे सोचती है और काम करती है।