logo

बारिश और तेज हवा ने बदला मौसम का मिजाज, 6 डिग्री सेल्सियस तक गिरा तापमान

8173news.jpg
द फॉलोअप टीम, रांची:
राजधानी रांची का मौसम कुछ दिनों से सुहाना बना हुआ है। चिलचिलाती धूप से राहत मिली है। बता दें कि रांची और आसपास के इलाकों में बुधवार को दोपहर 12 बजे के बाद से आकाश में काले बादल छा गए। तेज हवा के साथ झमाझम बारिश हुई। बारिश और हवा के कारण मौसम में हलकी ठंडक आ गयी। 

छह डिग्री तक गिरा रांची का तापमान
मौसम विभाग के अनुसार लगातार 3-4 दिनों से बारिश होने के कारण रांची का अधिकतम तापमान (Maximum temperature) छह डिग्री नीचे चला गया है। इस वजह से मई की तपिश से फिलहाल राहत मिल गई है। बुधवार को रांची का अधिकतम तापमान 32 डिग्री दर्ज किया गया है। अगले कुछ दिनों तक मौसम ऐसा ही रहेगा।  

मौसम में फिलहाल बदलाव नहीं होगा
मौसम विभाग रांची के पूर्वानुमान के अनुसार अगले पांच दिनों तक रांची सहित झारखंड के कई हिस्सों में बारिश के साथ गर्जन के अलावा 40 से 50 किमी की रफ़्तार से हवा चलेगी। ऐसी स्थिति अगले 8 मई तक रहेगी। इस दौरान रांची का अधिकतम तापमान 32 से 35 डिग्री के बीच रहने के आसार है। इसके साथ ही 8 मई तक दोपहर बाद आसमान में बादल छाए रहेंगे। बारिश के साथ तेज हवा भी चलेगी।