logo

बायोपिक में दिखाया वैसे नहीं...! हकीकत में कुछ ऐसे हुई थी एमएस धोनी और साक्षी की मुलाकात

10536news.jpg
द फॉलोअप टीम, रांची: 

महेंद्र सिंह धोनी ने 4 जुलाई को 2010 को शादी करके सबको चौंका दिया था। यह पहली बार था जब धोनी के साथ साक्षी का नाम जुड़ा। लोग इस प्रेम की शुरुआत के बारे में पता लगाने की होड़ में लग गए।  2016 में धोनी के जीवन पर मूवी भी आई थी। इस फिल्म में धोनी के संघर्ष को दिखाया गया है। साथ ही उनके लव लाइफ भी दर्शाया गया है। इस मूवी में धोनी और साक्षी की जो लव स्टोरी दिखाई गई है वो पूरी तरह सही नहीं है। धोनी और साक्षी की रियल लव स्टोरी कुछ और ही है। कई इंटरव्यू में साक्षी ने असल जिंदगी की लव स्टोरी भी साझा की है। 



ऐसे शुरू हुआ था साक्षी औऱ धोनी का प्यार
आइए जानते हैं कि कैसे शुरू हुई थी कैप्टन कूल धोनी और साक्षी की प्रेम कहानी। उनकी मुलाकात कैसे हुई और बात शादी तक कैसे पहुंची। बाकी लड़कियों की तरह ही साक्षी ने भी अपनी शादी को लेकर कई सपने देखे थे। 21 साल की उम्र में साक्षी ने धोनी से शादी की। साक्षी को क्रिकेट में बेहद कम रुचि थी लेकिन उनकी किस्मत में भारतीय क्रिकेट के सबसे बेहतरीन खिलाड़ी का नाम लिखा था। साक्षी का परिवार देहरादून से जुड़ा है। धोनी रांची में पैदा हुए पर उनका परिवार अलमोड़ा जिले से है। एमएस धोनी और साक्षी बचपन से ही एक दूसरे को जानते थे। साक्षी और धोनी का परिवार भी एक-दूसरे को सालों से जानता था। ये कहानी ऐसे शुरू हुई थी।
 


मेकॉन में काम करते थे दोनों के ही पिता
धोनी और साक्षी के पापा रांची के  मेकॉन में साथ काम करते  थे। बाद में साक्षी के पिता केनोई ग्रुप की बीनागुरी चाय कंपनी में कार्यकारी निर्देशक बन गए। साक्षी और महेंद्र सिंह धोनी रांची के डीएवी श्यामली स्कूल में पढते थे। बाद में साक्षी का परिवार देहरादून चला गया। साक्षी के दादाजी देहरादून में वन विभाग के सेवानिवृत अधिकारी थे। साक्षी की आगे की पढ़ाई देहरादून के वेलहेम में हुई और बाद में उन्होंने औरंगाबाद के इंस्टीट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट से डिग्री हासिल की। साक्षी ने अपनी ट्रेनिंग कोलकाता के ताज बेंगाल होटल में पूरी की। 



साल 2008 में एमएस से ऐसे मिली थीं साक्षी
ताज बेंगॉल होटल में 2008 में साक्षी और धोनी की फिर से मुलाकात हुई।  उस समय टीम इंडिया पाकिस्तान के साथ ईडन गार्डन में होने वाले मैच के लिए ताज में रुकी थी। धोनी और साक्षी का एक कॉमन फ्रेंड है  युद्धजीत दत्ता। युद्धजीत साक्षी और धोनी के दोस्त थे। उन्होंने ही दोनों की मुलाकात करवाई थी। बाद में धोनी ने युद्धजीत से साक्षी का नंबर लिया था और उन्हें मैसेज किया। साक्षी को पहले इस बात का विश्वास नहीं था  कि उन्हें धोनी ने मैसेज किया है। बाद में दोनों का मिलना-जुलना शुरू हुआ और इस तरह से यह प्रेम कहानी शुरू हुई और 2010 में शादी हुई। धोनी और साक्षी की अब एक बेटी भी है।



साक्षी धोनी ने हालिया इंटरव्यू में किया खुलासा
हाल ही में अपनी शादी की सालगिरह के मौके पर साक्षी ने सीएसके के साथ बातचीत की थी। इसमें साक्षी ने बताया कि धोनी से उनकी मुलाकात वैसी नहीं है जैसे कि फिल्म में दिखाई गई है। उन्होंने कहा कि निर्माता दर्शकों के हिसाब से थोड़ी क्रिएटिव आजादी लेते हैं। एमएस धोनी द अनटोल्ड स्टोरी में भी ये आजादी ली गई थी। उन्होंने बताया कि, ये सही है कि मैं अपने इंटर्नशिप के आखिरी साल में बंगाल के ताज होटल में माही से मिली लेकिन वो मुलाकात एक कॉमन फ्रेंड के जरिये हुई थी।