logo

सिमडेगा मॉब लिंचिंग मामले में तीन गिरफ्तार, परिवार को मिला न्याय का भरोसा

सिमडेगा मॉब लिंचिंग मामले में तीन गिरफ्तार, परिवार को मिला न्याय का भरोसा

द फॉलोअप टीम, सिमडेगाः 
सिमडेगा के कोलेबिरा थाना क्षेत्र में मंगलवार को हुए मॉब लिंचिंग मामले में पुलिस ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गुरुवार को तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश होने के लिए लाया गया।  गिरफ्तार आरोपियों में महेश प्रधान, भूपति प्रधान और जोडे प्रधान शामिल हैं। हालांकि अभी इस मामले में सभी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो पायी है। पुलिस दावा कर रही है कि जल्द ही बाकी आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। 


लकड़ी काटकर बेचने का आरोप 
मृतक संजू प्रधान पर आरोप था कि वह जंगल से लकड़ी काटकर उन्हें बेच देता है।  4 जनवरी को को भी साखू के पेड़ की लकड़ी काटने से ग्रामीण नाराज थे। दोपहर के वक्त आक्रोशित भीड़ ने पहले उसे पीटा। फिर जिंदा जला दिया। इसके बाद पुलिस पहुंची। ग्रामीणों ने पुलिस को गांव में घुसने से रोक दिया था।  पुलिस अधीक्षक डा.शम्स तब्रेज खुद मौके पर पहुंचे। किसी तरह हालात को संभाला गया था। 


परिवार को सुरक्षा का आश्वासन 
जिला प्रशासन व पुलिस प्रशासन ने पीड़ित परिवार को सुरक्षा का आश्वासन दिया है।  DC सुशांत गौरव एवं SP डा. शम्स तब्रेज खुद पीड़ित परिवार से मिले हैं। हर संभव मदद का आश्वासन दिया है। पीड़ित परिवार को अम्बेडकर आवास एवं अन्य सरकारी मदद देने की घोषणा की है। इसके अलावा इस मामले में न्याय का भरोसा दिया गया है।