logo

बड़गाम में जैश-ए-मोहम्मद के 3 आतंकी ढेर, जम्मू में गुजराल गांव में मिला अज्ञात ड्रोन

बड़गाम में जैश-ए-मोहम्मद के 3 आतंकी ढेर, जम्मू में गुजराल गांव में मिला अज्ञात ड्रोन

द फॉलोअप टीम, श्रीनगर: 

जम्मू-कश्मीर में तीन आतंकी मारे गये। मिली जानकारी के मुताबिक सुरक्षाबल के जवानों ने शुक्रवार तड़के तीनों को मार गिराया। मुठभेड़ की ये घटना बड़गाम के जोलवा क्रालपोरा चादूरा इलाके में हुई। फिलहाल 1 आतंकी की पहचान हो पाई है। कश्मीर के आईजीपी विजय कुमार ने बताया कि घटनास्थल से भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद सहित आपत्तिजनक सामान बरामद किया है। 

एक आतंकी की हुई है पहचान
मिली जानकारी के मुताबिक मारे गये तीनों आतंकी, पाकिस्तान समर्थित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से संबंध रखते थे। 1 आतंकी की पहचान श्रीनगर के रहने वाले वसीम के रूप में हुई है। घटनास्थल से तीन एके-47 राइफल बरामद की गई है। इस बीच जम्मू कश्मीर पुलिस ने जम्मू के गुजराल गांव से 1 ड्रोन को बरामद किया है। फिलहाल इसकी जांच जारी है। गुजराल गांव में ड्रोन मिलने की सूचना ने सुरक्षा एजेंसियों को चौकन्ना कर दिया है, क्योंकि पिछले साल जम्मू में वायुसेना स्टेशन में ड्रोन से हमला किया गया था। 

जवानों की टीम ने की घेराबंदी
वहीं जोलवा क्रालपोरा चादूरा इलाके में मुठभेड़ को लेकर मिली जानकारी के मुताबिक सुरक्षाबलों को सूचना मिली थी कि इलाके में आतंकी छिपे हैं। सूचना के आधार पर सुरक्षाबल के जवानों की एक टीम ने इलाके की घेराबंदी की। इस बीच आतंकियों और सुरक्षाबलों के बीच फायरिंग शुरू हो गई। फायरिंग थमने तक सुरक्षाबल के जवानों ने तीन आतंकवादियों को मार गिराया था।